विजय रूपाणी को पीएम मोदी की अंतिम श्रद्धांजलि, विमान हादसे में निधन पर परिजनों से की मुलाकात

मृतक के परिजनों से मिले पीएम मोदी

Ahmadabad plane Crash: अहमदाबाद:एअर इंडिया की लंदन जा रही फ्लाइट AI171 की भयावह दुर्घटना में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के निधन पर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद में उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें दशकों तक साथ काम करने वाला एक भरोसेमंद, मेहनती और जमीन से जुड़ा जनसेवक बताया।

पीएम ने एक्स पर किया पोस्ट

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “यह अकल्पनीय है कि विजयभाई अब हमारे बीच नहीं हैं। मैंने उन्हें लंबे समय से जाना है। हमने साथ मिलकर कई कठिन दौर में काम किया उनका योगदान संगठन और सरकार दोनों में अनुकरणीय रहा है।”

विजय रूपाणी, जो हाल ही में पंजाब के लिए भाजपा के प्रभारी के रूप में कार्यरत थे, गुरुवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन की उड़ान भर रहे विमान में सवार थे। यह विमान टेक-ऑफ के कुछ मिनट बाद ही मेघाणी नगर क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 265 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में केवल एक यात्री विश्वास कुमार रमेश जीवित बच पाए।

परिवारजनों से भेंट कर व्यक्त कीं संवेदनाएं

प्रधानमंत्री ने हादसे के बाद न केवल दुर्घटनास्थल का दौरा किया, बल्कि अहमदाबाद सिविल अस्पताल में घायलों से भी मुलाकात की। इसके पश्चात उन्होंने गुजसेल कार्यालय भवन में विजय रूपाणी की पत्नी अंजलि रूपाणी और परिवारजनों से भेंट कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। प्रधानमंत्री ने लिखा, “विजयभाई ने हर भूमिका में उत्कृष्टता दिखाई चाहे वह राजकोट नगर निगम में सेवा हो, राज्यसभा में प्रतिनिधित्व, या मुख्यमंत्री के तौर पर नेतृत्व। उन्होंने गुजरात के विकास को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।”

विजय रूपाणी का राजनीतिक सफर

विजय रूपाणी ने अगस्त 2016 से सितंबर 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दो कार्यकाल पूरे किए। उनका राजनीतिक जीवन जमीनी कार्यकर्ता से शुरू होकर शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचा जिसमें उन्होंने पार्टी की विचारधारा के प्रति अटूट निष्ठा और ईमानदारी दिखाई। प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी श्रद्धांजलि में कहा, “उनसे हुई हर बातचीत मेरे लिए प्रेरणादायक रही है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत शुभचिंतकों के साथ हैं। ओम् शांति।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *