अहमदाबाद: अहमदाबाद में गुरुवार को हुए भीषण एअर इंडिया विमान हादसे को लेकर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर लिया है। इस त्रासदी में विमान में सवार 241 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य, कुल 265 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। इस हादसे की गंभीरता को देखते हुए विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने पहले ही औपचारिक जांच शुरू कर दी है, जबकि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) और केंद्र सरकार की अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी जांच में सक्रिय हो गई हैं। शुक्रवार को इन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने मेघाणीनगर स्थित दुर्घटनास्थल का दौरा किया।
हादसे का विवरण: टेक-ऑफ के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटना
गुरुवार दोपहर सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद, लंदन जा रहा बोइंग 787 ड्रीमलाइनर (AI-171) विमान मेघाणीनगर क्षेत्र में बी.जे. मेडिकल कॉलेज के छात्रों और डॉक्टरों के आवासीय परिसर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह स्थान स्थानीय रूप से ‘ओल्ड आईजीपी कैंपस’ के नाम से जाना जाता है। विमान में कुल 230 यात्री और 12 क्रू सदस्य सवार थे। हादसे में कई चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों की भी मौत हुई, जो घटनास्थल के निकट के हॉस्टल में रहते थे।
पुलिस ने दर्ज की ADR रिपोर्ट
मेघाणीनगर पुलिस थाना को दोपहर 1:44 बजे दुर्घटना और आग लगने की सूचना मिली। पुलिस द्वारा दर्ज आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट में कहा गया है कि अग्निशमन कर्मियों को मौके पर अधिकांश शव जले हुए मिले, जिन्हें एम्बुलेंस से सिविल अस्पताल भेजा गया। कुछ शवों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया था।
राहत एवं बचाव अभियान समाप्त
उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी ध्रुमित गांधी ने जानकारी दी कि शुक्रवार सुबह तक राहत और बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया है। इसके बाद पूरा घटनास्थल फॉरेंसिक विशेषज्ञों और नागर विमानन विभाग को जांच के लिए सौंप दिया गया है।