दिल्ली में भीषण गर्मी से हाल बेहाल, तापमान 45°C तक पहुंचने की संभावना

दिल्ली में झुलसाने वाली गर्मी

weather update:(नई दिल्ली): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गर्मी और प्रदूषण की दोहरी मार ने आम जनता की परेशानी बढ़ा दी है। बुधवार की सुबह से ही राजधानी में तेज गर्मी महसूस की जा रही है और वायु गुणवत्ता भी खराब स्तर पर दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क करते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है और भीषण गर्मी से बचने की सलाह दी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राजधानी में सुबह 8:30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 39% दर्ज की गई, जो गर्मी के प्रभाव को और अधिक तीव्र बना रही है।वहीं, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, बुधवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 227 रहा, जो कि ‘खराब’ श्रेणी (201–300) में आता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह स्तर सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों, बुजुर्गों और बच्चों के लिए हानिकारक हो सकता है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आकड़ो के अनुसार

  • 0–50: अच्छा
  • 51–100: संतोषजनक
  • 101–200: मध्यम
  • 201–300: खराब
  • 301–400: बहुत खराब
  • 401–500: गंभीर

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में 12 जून तक भीषण गर्मी का सिलसिला जारी रह सकता है। लू चलने और सूखी गर्म हवाओं की वजह से हीट स्ट्रोक की आशंका भी बनी हुई है। इससे पहले राजधानी में इस स्तर की गर्मी मई महीने के अंत में देखी गई थी।

स्वास्थ्य और पर्यावरण विशेषज्ञ की राय

स्वास्थ्य और पर्यावरण विशेषज्ञों ने लोगों को कुछ आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। इनमें दिन के सबसे गर्म समय यानी दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचना, अधिक पानी पीना, हल्के कपड़े पहनना और प्रदूषित क्षेत्रों में मास्क का प्रयोग करना शामिल है। राजधानी के कुछ इलाकों में स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि बच्चों की बाहरी गतिविधियों को सीमित किया जाए। अस्पतालों को भी अलर्ट पर रखा गया है और हीट स्ट्रोक या सांस संबंधी मामलों से निपटने के लिए तैयारी करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *