Preparation Delhi flood: नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को राजधानी में बाढ़ की स्थिति को लेकर नागरिकों को पूरी तरह आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में दिल्ली को बाढ़ जैसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि सरकार ने समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री ने यह बयान दिल्ली सचिवालय में बाढ़ नियंत्रण को लेकर आयोजित एक अहम बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में दिया। उन्होंने कहा, “2023 में दिल्ली में गंभीर बाढ़ की स्थिति बनी थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। हमने सभी विभागों के साथ मिलकर ठोस योजना बनाई है और हर स्तर पर निगरानी हो रही है।”
सरकार का फोकस
जलभराव, यमुना का जलस्तर और राहत प्रबंधन बैठक में लोक निर्माण विभाग (PWD), दिल्ली नगर निगम (MCD), सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग, राजस्व विभाग सहित सभी प्रमुख एजेंसियों के अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा मंत्री आशीष सूद, प्रवेश वर्मा, सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी और बांसुरी स्वराज भी बैठक में मौजूद थे।
जल निकासी होगी व्यवस्था बेहतर
मुख्यमंत्री गुप्ता ने जानकारी दी कि दिल्ली में जलभराव की समस्या को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर नालों की सफाई की गई है। “अब तक 20 लाख मीट्रिक टन से अधिक गाद को प्रमुख नालों से निकाला गया है। इससे जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और सड़कों पर पानी जमा नहीं होगा,” उन्होंने कहा। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों की पहचान की जा चुकी है और वहां विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे राहत शिविरों और आवश्यक संसाधनों को पहले से तैयार रखें।
2023 के अनुभव से सीखा, 2025 में दोहराव नहीं
वर्ष 2023 में दिल्ली को भारी बारिश और यमुना के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी के चलते गंभीर बाढ़ का सामना करना पड़ा था। हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा था और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ था। रेखा गुप्ता ने कहा, “हमने 2023 की घटना से सबक लिया है। इस बार सभी विभागों के बीच समन्वय मजबूत है। कंट्रोल रूम पूरी तरह से सक्रिय हैं और आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके, इसके लिए तैयारियां मुकम्मल हैं। मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी आपात स्थिति में सरकारी हेल्पलाइन से संपर्क करें। दिल्ली सरकार ने इस बार मानसून से पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।