PM Modi will attend the G7: (नई दिल्ली): भारत और कनाडा के बीच रिश्तों में लंबे समय से चल रही खटास अब कुछ कम होती नजर आ रही है। इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी के न्योते को स्वीकार करते हुए इस महीने कनाडा में आयोजित होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने की पुष्टि की है। जी-7 में भारत की भागीदारी को लेकर पीएम मोदी बोले कनाडा में मुलाकात को लेकर उत्सुक हूं’
प्रधानमंत्री मोदी और उनके कनाडाई समकक्ष कार्नी के बीच यह पहली टेलीफोनिक बातचीत थी, जिसमें कार्नी ने मोदी को औपचारिक रूप से जी-7 सम्मेलन के संपर्क (Outreach) सत्र में भाग लेने का निमंत्रण दिया। यह सम्मेलन 15 से 17 जून तक कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के कनानास्किस में आयोजित होगा। मोदी ने इस वार्ता की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, “कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से बात करके खुशी हुई। मैंने उन्हें हालिया चुनाव में मिली सफलता पर बधाई दी और जी-7 सम्मेलन में आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद प्रकट किया। उन्होंने आगे कहा भारत और कनाडा दो जीवंत लोकतंत्र, साझा मूल्यों और सम्मान के आधार पर मिलकर काम करने को तैयार हैं। मैं सम्मेलन में उनसे मुलाकात को लेकर उत्सुक हूं।”
तनावपूर्ण संबंधों में दिखी कूटनीतिक नरमी
पिछले कुछ वर्षों में भारत और कनाडा के रिश्ते खालिस्तानी गतिविधियों और कट्टरपंथी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या को लेकर बेहद तनावपूर्ण हो गए थे। 2023 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा भारत पर निज्जर की हत्या में संलिप्तता का आरोप लगाया गया था, जिसे भारत ने सिरे से खारिज किया।
इस विवाद के चलते भारत ने कनाडा से अपने उच्चायुक्त और कई राजनयिकों को वापस बुला लिया था, और कनाडा के छह राजनयिकों को निष्कासित भी किया था। लेकिन अप्रैल 2025 में हुए चुनावों में जब मार्क कार्नी ने सत्ता संभाली, तो दोनों देशों के बीच रिश्तों में नरमी के संकेत मिलने लगे। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों नेताओं ने बातचीत में भारत-कनाडा के लोगों के बीच गहरे संबंधों को स्वीकार करते हुए आपसी सम्मान और साझा हितों के आधार पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। साथ ही कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े मसलों पर संवाद जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
जी-7 में भारत की अहम भूमिका
जी-7 समूह दुनिया की सात सबसे विकसित अर्थव्यवस्थाओं कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली और जापान का संगठन है। इस वर्ष इसकी अध्यक्षता कनाडा कर रहा है। जी-7 सम्मेलन में वैश्विक मुद्दों जैसे रूस-यूक्रेन युद्ध, पश्चिम एशिया संकट, जलवायु परिवर्तन और आर्थिक सहयोग पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी जी-7 के पिछले पांच सम्मेलनों में भी भाग ले चुके हैं। हालांकि इस बार निमंत्रण में देरी के कारण अटकलें लगाई जा रही थीं कि भारत सम्मेलन में शामिल होगा या नहीं। अब इन अटकलों पर विराम लग चुका है।