उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने की 3 दिवसीय चंडीगढ़ और हिमाचल दौरे की शुरुआत, जानें पूरा कार्यक्रम

जगदीप धनकड़, उपराष्ट्रपति

Vice President Tour: भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ अपने तीन दिवसीय चंडीगढ़ और हिमाचल दौरे की शुरुआत कर दी है। इस कड़ी में वह बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ पहुंचे। उनके आगमन पर चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। उपराष्ट्रपति धनखड़ के स्वागत के लिए पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के राज्यपाल बंडारु दत्तात्रेय, पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, हरियाणा की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी और राज्यसभा सांसद किरण चौधरी एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। सभी नेताओं ने उन्हें गुलदस्ते भेंट कर शुभकामनाएं दीं और इस महत्वपूर्ण दौरे के लिए शुभकामनाएं प्रकट कीं।

किस लिए दौरे पर हैं उपराष्ट्रपति

उपराष्ट्रपति का यह दौरा शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। इस दौरान वे चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्रों से संवाद करेंगे, हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित एक शैक्षणिक संगोष्ठी में शिरकत करेंगे और एक संस्कृति कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। हिमाचल प्रदेश में धनखड़ कई जिलों का दौरा कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात, और विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे। संविधान, शिक्षा और युवा सशक्तिकरण जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देंगे।

केंद्र और राज्य के सहयोगी की मिसाल

नेताओं ने इस दौरे को संघीय ढांचे की मजबूती और केंद्र-राज्य समन्वय का प्रतीक बताया। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा, “उपराष्ट्रपति का दौरा हमारे राज्य के लिए गौरव की बात है। इससे नई पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी।” हरियाणा की कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा, “यह यात्रा दोनों राज्यों के बीच सहयोग को और सुदृढ़ बनाएगी।”

सुरक्षा व्यवस्था रही सख्त

धनखड़ के दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस और प्रशासन ने एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थलों तक कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए हैं। उनके ठहराव और आवाजाही के सभी मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *