चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़ से मौत का मामला, RCB व कार्यक्रम प्रबंधन कंपनी और KSCA पर F.I.R दर्ज

चिन्नास्वामी स्टेडियम में भगदड़

IPL Stampede: (बेंगलुरु): बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर फाइनल मैच के बाद मची भीषण भगदड़ के मामले में पुलिस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), कार्यक्रम आयोजक डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क्स, और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) सहित कई अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर लिया है। इस दर्दनाक घटना में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 56 से अधिक लोग घायल हुए थे।

पुलिस ने बृहस्पतिवार को जानकारी दी कि यह मामला कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। इनमें गैर इरादतन हत्या, जानबूझकर चोट पहुंचाना, खतरनाक हथियारों का प्रयोग, और गैरकानूनी जमावड़ा जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।

दर्ज की गई धाराएं

धारा 105: गैर इरादतन हत्या

धारा 115 और 118: जानबूझकर चोट पहुंचाना

धारा 190: गैरकानूनी जमावड़ा

धारा 132: लोक सेवक के कार्य में बाधा डालना

धारा 125(12): दूसरों की जान या सुरक्षा को खतरे में डालना

धारा 142 और 121: गैरकानूनी जमावड़ा और उकसावा

क्या था मामला?

यह भगदड़ उस समय मची जब स्टेडियम में होने वाले एक प्रमोशनल इवेंट में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आयोजन स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के उपायों की भारी कमी बताई जा रही है। चश्मदीदों के अनुसार, टिकट वितरण, प्रवेश प्रबंधन और स्थल पर बैरिकेडिंग बेहद अव्यवस्थित थी, जिससे हालात बेकाबू हो गए और भगदड़ मच गई।

प्रशासन और आयोजकों पर उठे सवाल

इस घटना के बाद आयोजक कंपनी, क्रिकेट संघ और फ्रेंचाइज़ी पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। बेंगलुरु पुलिस ने कहा है कि वे सभी जिम्मेदार एजेंसियों की भूमिका की गहन जांच करेंगे। वहीं पीड़ितों के परिवारों ने न्याय की मांग की है और आयोजकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *