Rahul Gandhi vs BJP: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी-आरएसएस पर दिए गए ‘सरेंडर’ बयान ने सियासी हलचल मचा दी है। राहुल ने भोपाल में कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ के दौरान कहा, “बीजेपी और आरएसएस वालों को जरा-सा दबाव पड़ता है, तो ये लोग सरेंडर कर देते हैं। ट्रंप का एक फोन आया और नरेंद्र मोदी जी तुरंत सरेंडर हो गए।” राहुल गांधी के इस बयान से भाजपा भड़क उठी है। बीजेपी ने राहुल गांधी पर पाकिस्तान की तरफदारी करने का आरोप लगाया है।
राहुल ने की इंदिरा की तारीफ़
राहुल गांधी ने अपने भाषण में 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध का जिक्र करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री और अपनी दादी इंदिरा गांधी की तारीफ की। उन्होंने कहा, “1971 में अमेरिका का सातवां बेड़ा आया था, लेकिन इंदिरा जी ने कहा था कि मुझे जो करना है, मैं करूंगी। यही फर्क है। बीजेपी-आरएसएस को आजादी के समय से सरेंडर की आदत है।” उन्होंने कांग्रेस को सुपरपावर से लड़ने वाली पार्टी बताया और कहा कि गांधी, नेहरू, और पटेल जैसे नेता कभी झुके नहीं।
बीजेपी ने किया राहुल पर तगड़ा पलटवार
राहुल के बयान पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है । बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने राहुल को “लीडर ऑफ पाकिस्तानी प्रोपेगेंडा” (LoP) करार देते हुए कहा, “राहुल गांधी की टिप्पणी घटिया है और इससे भारतीय सेना का अपमान होता है। उनकी बातें चीन और पाकिस्तान के पेड एजेंट जैसी लगती हैं।” पूनावाला ने यह भी दावा किया कि कांग्रेस के ही नेताओं जैसे शशि थरूर और सलमान खुर्शीद ने साफ किया है कि ऑपरेशन सिंदूर में किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता नहीं थी।
पोस्टर वार: ब्लंडर बनाम थंडर’
बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी राहुल पर निशाना साधते हुए कहा, “भारत कभी सरेंडर नहीं करता। राहुल गांधी ने ऑपरेशन सिंदूर और हमारी सेना का अपमान किया है। कोई सभ्य नेता अपने देश के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करता।”
इसी तरह बीजेपी सांसद गौरव भाटिया ने एक पोस्टर जारी कर राहुल को “ब्लंडर” और पीएम मोदी को “थंडर” बताया। पोस्टर में पीएम मोदी को राफेल विमान के साथ दिखाया गया, जबकि राहुल को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से हाथ मिलाते हुए चित्रित किया गया।
सोशल मीडिया पर भी भिड़ंत
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बीजेपी नेताओं और समर्थकों ने राहुल के बयान की कड़ी आलोचना की। @BJP4Arunachal और @LakshmiSinghBJP जैसे हैंडल्स से पोस्ट में कहा गया, “राहुल गांधी ने ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना का घोर अपमान किया है। यह किसी सभ्य राजनेता को शोभा नहीं देता।”