दिल्ली सरकार के 100 दिन पूरे, जश्न में सीएम रेखा गुप्ता परिवार समेत उत्तराखंड की धार्मिक यात्रा पर रवाना

सीएम रेखा गुप्ता

Delhi CM Rekha Gupta: दिल्ली में भाजपा की ऐतिहासिक सरकार के 100 दिन पूरे हो गए हैं। इस उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता रविवार को उत्तराखंड की दो दिवसीय आध्यात्मिक यात्रा पर रवाना हुईं। मुख्यमंत्री के साथ उनके पारिवारिक सदस्य भी हैं।

सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री आज रविवार को अपनी इस यात्रा के दौरान हरिद्वार में सबसे पहले हर की पौड़ी पर गंगा स्नान करेंगी और एक धर्मशाला का उद्घाटन करेंगी। इसके बाद वे ऋषिकेश पहुंचेंगी, जहां शाम को गंगा आरती में हिस्सा लेंगी। सोमवार को उनके केदारनाथ धाम के दर्शन की संभावना है।

27 साल बाद हुई थी दिल्ली में भाजपा की वापसी

बता दें कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने शुक्रवार को सत्ता में अपने 100 दिन पूरे कर लिए। भाजपा के लिए यह गौरवशाली पल हैं। भाजपा ने फरवरी 2025 में हुए विधानसभा चुनावों में 27 साल बाद दिल्ली में सरकार बनाई थी। भाजपा की यह जीत ऐतिहासिक थी। भाजपा ने 10 साल से दिल्ली की सत्ता पर काबिज आम आदमी पार्टी की सरकार को करारी शिकस्त दी थी। इसके बाद शीर्ष नेतृत्व ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाया। रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी को रामलीला मैदान में शपथ ग्रहण किया था।

अध्यात्मिक यात्रा से ऊर्जा हासिल करना चाहती हैं सीएम

अब दिल्ली की भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे हो गए हैं। ऐसे में रेखा गुप्ता की यह आध्यात्मिक यात्रा मुख्यमंत्री के लिए न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि जनता से जुड़ाव और सरकार की उपलब्धियों के जश्न का भी अवसर माना जा रहा है। अपनी 2 दिनों की यात्रा के दौरान सीएम रेखा गुप्ता देवभूमि में कई धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना भी करेंगी। इससे वह एक नई ऊर्जा के साथ दिल्ली के लोगों के लिए काम करना जारी रखेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *