Jammu Kashmir IED Blast: जम्मू-कश्मीर के अखनूर सेक्टर में आईईडी ब्लास्ट हो गया। ब्लास्ट में सेना का एक कैप्टन और एक जवान शहीद हो गए हैं। गश्त करते हुए जवान इसकी चपेट में आ गए थे। आशंका है कि यह आईईडी आतंकियों द्वारा लगाई थी और ब्लास्ट के बाद सेना ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह घटना शाम 4 बजे के आसपास की है। सेना का एक गश्ती दल अपनी रूटीन पेट्रोलिंग पर था। तभी सीमा के पास एक आईईडी विस्फोट हुआ जिसमें एक अधिकारी समेत तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को उपचार के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया था।
अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि भट्टल इलाके में जवान गश्त कर रहे थे, तभी शक्तिशाली विस्फोट हुआ। शुरूआती जानकारी से पता चला है कि आईईडी में विस्फोट हुआ। माना जा रहा है कि इसे आतंकवादियों ने लगाया था। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। उन्होंने बताया कि घायल सैनिकों को अस्पताल ले जाया गया है उनकी स्थिति गंभीर बताई गई है।
इससे पहले जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में मंगलवार को एक मोर्टार शेल मिला, जिसे बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया। इस बात की जानकरी पुलिस अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि नामंदर गांव के पास प्रताप नहर में कुछ स्थानीय लोगों ने सुबह करीब 10 बजे मोर्टार शेल देखा। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस दल मौके पर पहुंचा और बाद में बम निरोधक दस्ते को बुलाया, जिसने विस्फोटक पदार्थ को सुरक्षित रूप से निष्क्रिय कर दिया।
Read Also: UP: माघ पूर्णिमा को लेकर योगी सरकार ने दिए निर्देश, मेला क्षेत्र ‘नो व्हीकल जोन’ घोषित
कुपवाड़ा में मिला हथियारों का जखीरा
सोमवार को कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा के पास करनाह इलाके में तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि सेना और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने इलाके में हथियार और गोला-बारूद की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद करनाह तहसील के बड़ी मोहल्ला अमरोही में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने एक एके 47 राइफल, एक एके मैगजीन, एक सैगा एमके राइफल, एक सैगा एमके मैगजीन और 12 राउंड बरामद किए।