Milkipur Byelection Result: उत्तर प्रदेश की मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान की ऐतिहासिक जीत हुई है। बीजेपी प्रत्याशी ने 61,540 हजार वोटों से मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी अजित प्रसाद को हराकर ऐतिहासिक दर्ज जीत की है। मिल्कीपुर उपचुनाव और दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रतिक्रिया सामने आई है।
सीएम योगी ने कहा कि, दिल्ली और मिल्कीपुर चुनाव नतीजा ने यह संदेश दिया है की झूठ और लूट की राजनीति पर पूर्ण विराम लग गया है। दिल्ली के जीते हुए प्रत्याशी, जनता और बीजेपी के केन्द्रीय नेतृत्व को बधाई देता हूं। अब हमारा राजधानी में भी विकास और सुशासन का राज होगा। पिछले एक दशक से दिल्ली बहुत पीछे चली गई थी।
मिल्कीपुर को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी का परिवारवाद और झूठ की राजनीति की हार हुई है। सपा अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिये झूठ की राजनीति करती है। झूठ और लूट की राजनीति हमेशा के लिए बंद हुई है। मिल्कीपुर में सपा प्रत्याशी अपना बूथ ही हार गए, इससे पता चलता है कि जनता अब समझ चुकी है कि कौन विकास कर रहा है।
मिल्कीपुर उपचुनाव पर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि, मैं चंद्रभानु पासवान को बधाई देता हूं। उपचुनाव में समाजवादी पार्टी की गुंडागर्दी हार गई। यह तो बस शुरुआत है। 2027 में समाजवादी पार्टी ‘समाप्तवादी पार्टी बन जाएगी। लोकसभा चुनाव में विपक्ष को जो अहंकार हुआ था अब वह एक के बाद एक टूट रहा है।
अखिलेश यादव ने दी प्रतिक्रिया
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए की बढ़ती शक्ति का सामना बीजेपी वोट के बल पर नहीं कर सकती है, इसीलिए वो चुनावी तंत्र का दुरुपयोग करके जीतने की कोशिश करती है। ऐसी चुनावी धांधली करने के लिए जिस स्तर पर अधिकारियों की हेराफेरी करनी होती है, वो एक विधानसभा में तो भले किसी तरह संभव है, लेकिन 403 विधानसभाओं में ये ‘चार सौ बीसी’ नहीं चलेगी।
Read Also: http://Milkipur Bypoll Live: मिल्कीपुर में बीजेपी की बम-बम, 25 हजार वोटों से आगे, सपा पिछड़ी
उन्होंने उपचुनाव को लेकर कहा कि ये झूठी जीत है, जिसका जश्न भाजपाई कभी भी आईने में अपनी आंखों में आंखें डालकर नहीं मना पाएंगे। जिन अधिकारियों ने चुनावी घपलेबाजी का अपराध किया है वो आज नहीं तो कल अपने लोकतांत्रिक-अपराध की सज़ा पाएंगे। एक-एक करके सबका सच सामने आएगा। हम बीजेपी की कुनीतियों का विरोध करते रहेंगे। आज पूरा देश बीजेपी की तानाशाही देख रहा है।