Rahul Gandhi on Maharashtra Election: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी ने भारतीय चुनाव आयोग पर बड़ा आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता का कहना है कि, महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी हुई है। विधानसभा चुनाव में मतदाताओं और मतदान सूची में गड़बड़ी पाई गई। हमारी टीमों ने इस पर काम किया है। इस पर हमें कई अनियमितताएं मिली हैं।
कांग्रेस सांसद का कहना है कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में गड़बड़ी की है। मतदाता सूची से अल्पसंख्यकों के वोट काटे गए हैं। महाराष्ट्र की 3 बड़ी पार्टियां चुनाव आयोग से वोटर लिस्ट मांग रही हैं। महाराष्ट्र की वोटर लिस्ट तक हमें उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। लोकतंत्र में हमारा अधिकार है कि हम देख सकें कि कितने वोट कटे और कितने नए वोटर जुड़े।
39 लाख नए मतदाता कौन?
राहुल गांधी ने कहा, विधानसभा चुनाव 2019 और लोकसभा 2024 के बीच 5 साल में 32 लाख मतदाता जुड़े। लोकसभा 2024 और विधानसभा चुनाव के बीच 5 महीने की अवधि में 39 लाख मतदाता जुड़े। सवाल यह है कि ये 39 लाख मतदाता कौन हैं? यह हिमाचल प्रदेश के कुल मतदाताओं के बराबर है। दूसरा मुद्दा यह है कि महाराष्ट्र में राज्य की पूरी मतदाता आबादी से ज्यादा मतदाता क्यों हैं? किसी तरह, महाराष्ट्र में अचानक मतदाता बनाए गए हैं।
सदन में भी बीजेपी को घेरा था
पिछले दिनों कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए केंद्र सरकार को जमकर घेरा था। उन्होंने देश में बढ़ रही बेरोजगारी, महंगाई और जीडीपी में दर्ज की गई गिरावट पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि बीजेपी देश में असमानता पैदा कर रही है और देश में तनाव बढ़ रहा है।
सदन के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, ‘प्रधानमंत्री जी, आपने अपने भाषण में ‘मेक इन इंडिया’ का जिक्र तक नहीं किया। प्रधानमंत्री को यह स्वीकार करना चाहिए कि ‘मेक इन इंडिया’ एक अच्छी पहल होने के बावजूद असफल है। मैन्यूफैक्चरिंग क्षेत्र में 2014 में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 15.3 प्रतिशत था जो गिरकर 12.6 प्रतिशत हो गया है, यह पिछले 60 सालों में सबसे कम है।