Ind vs Eng ODI Series 2025: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टी-20 मैचों की सीरीज के बाद अब वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है। पांच मैचों की सीरीज में इंग्लिश टीम को 1-4 से हार का सामना करना पड़ा था। जोस बटलर की अगुवाई में इंग्लैंड टीम के बल्लेबाजी से लेकर गेंदबाजी तक फ्लॉप रही थी। अब इंग्लैंड की टीम वनडे प्रारुप में भारत पर पलटवार करने के लिए बेताब होगी।
कुल मिलाकर देखें तो भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज में रोमांच इसलिए भी देखने को मिलेगा क्योंकि चैंपियंस ट्रॉफी के बाद दोनों टीमों की यह आखिरी वनडे सीरीज होगी। इसके बाद दोनों टीम चैंपियंस ट्रॉफी खेलने के लिए प्रस्थान करेगी। भारत दुबई जाएगा और अंग्रेज टीम पाकिस्तान रवाना होगी। वनडे सीरीज में भारत के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल और श्रेयस अय्यर वापसी कर रहे हैं तो वहीं 14 महीनों बाद टीम के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी भी वनडे टीम में कमबैक कर रहे हैं।
सितारों से सजी इस टीम से एक बार फिर से चैंपियंस ट्रॉफी में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अपना आखिरी वनडे मैच 19 नवंबर को साल 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे वर्ल्ड कप फाइनल खेला था। इसके बाद से वह चोट की वजह से लगातार टीम से बाहर रहे हैं। चोट से उबरने के बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट में काफी पसीना बहाया और फिर इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 सीरीज और वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया। हालांकि, 5 मैचों की टी-20 सीरीज में शमी को सिर्फ 2 मैच खेलने का मौका मिला और सिर्फ 3 विकेट चटका सके। ये तीनों विकेट भी आखिरी मैच में उस वक्त आए जब टीम इंडिया ने मैच लगभग अपने पाले में कर लिया था।
मोहम्मद शमी रचेंगे कीर्तिमान…
बता दें कि, मोहम्मद शमी के पास अब वनडे सीरीज में खुद को साबित करने का शानदार मौका है क्योंकि इस सीरीज के तुरंत बाद चैंपियंस ट्रॉफी खेली जाएगी। चैंपियंस ट्रॉफी के लिए चुनी गई भारतीय टीम में शमी को शामिल किया गया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आईसीसी टूर्नामेंट से पहले शमी किस तरह गेंद से प्रदर्शन कर पाते हैं। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शमी के पास वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का शानदार मौका होगा।
दरअसल, मोहम्मद शमी ने 101 वनडे मैचों की 100 पारियों में 195 विकेट अपने नाम किए हैं। अगर वह इंग्लैंड के खिलाफ नागपुर में खेले जाने वाले पहले ही वनडे मैच में 5 विकेट निकालने में कामयाब रहते हैं, तो वनडे क्रिकेट के इतिहास में सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले गेंदबाज मिचेल स्टार्क की बराबरी कर लेंगे। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क ने 102 वनडे मैचों की 102 पारियों में 200 विकेट लेने का बड़ा धमाका किया था।
सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले गेंदबाज….
गेंदबाज मैच विकेट
मिचेल स्टार्क 102 मैच 200 विकेट
सकलैन मुश्ताक 104 मैच 200 विकेट
ट्रेंट बोल्ट 107 मैच 200 विकेट
मोहम्मद शमी 101 मैच 195 विकेट*
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा (C), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (WK), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शमी।