Mahakumbh Hadsa CM Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में जारी महाकुंभ में 29 जनवरी को मौनी अमावस्या पर भगदड़ मच गई थी। इस भगदड़ में 30 से ज्यादा श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी और दर्जनों घायल हो गए थे। इस हादसे के बाद विपक्षी दल लगातार बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं। विपक्षी दलों ने सदन में जारी बजट सत्र में भी हादसे को लेकर हंगामा किया था।
अब प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर पलटवार किया है। सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस और सपा के बीच सनातन विरोधी प्रतिस्पर्धा चल रही है। मुख्यमंत्री योगी ने महाकुंभ हादसे को लेकर अखिलेश यादव के बयान को शर्मनाक बताया। कहा कि उन्हें मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर अफसोस होता है। अखिलेश का सनातन विरोधी चरित्र उजागर हो गया है। सीएम योगी ने कहा है कि समाजवादी पार्टी झूठ फैला रही है। महाकुंभ भगदड़ पर अखिलेश, खरगे ने झूठ पर झूठ बोला।
सीएम योगी ने कहा कि महाकुंभ में हादसे को लेकर मल्लिकार्जुन खरगे का बयान गुमराह करने वाला है। उन्होंने कहा कि सनातन विरोधी चाहते थे कि महाकुंभ में कोई बड़ा हादसा हो। सीएम योगी ने कहा है कि महाकुंभ से षडयंत्र करने वालों को बेनकाब किया जाएगा। यह सब सोची समझी साजिश है, इस मामले की तेजी से जांच चल रही है। असमाजिक तत्वों ने महाकुंभ में इस ह्रदय विदारक घटना को अंजाम दिया है।
क्या बोला विपक्ष ?
बता दें कि, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सोमवार को राज्यसभा में कहा था कि महाकुंभ में पिछले दिनों भगदड़ के दौरान ‘हजारों’ लोगों की मौत हो गई थी। इसे लेकर सदन में हंगामा हुआ था और सभापति जगदीप धनखड़ ने उनसे बयान वापस लेने को कहा था। वहीं, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महाकुंभ में भगदड़ में मारे गए लोगों के आंकड़े छिपाए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने मंगलवार को महाकुंभ की व्यवस्था के बारे में स्पष्टीकरण देने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने और वहां की व्यवस्थाएं सेना के हवाले करने की मांग की है।