UP Sambhal SP MP Zia ur Rahman barq: उत्तर प्रदेश के संभल लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क हिंसा और बिजली चोरी में घिरे होने पर अब अवैध अतिक्रमण पर घिर गए हैं। जिसको लेकर प्रदेश की योगी सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। प्रशासन और नगर पालिका की टीम ने सांसद के घर के बाहर बनी नालियों के ऊपर की सीढ़ियों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम सांसद बर्क के घर पहुंची थी। वहां बुलडोजर के द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करते हुए सांसद बर्क के बाहर नाली के ऊपर बनी सीढ़ियों को तुड़वा दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि घर की सीढ़ियां सड़क पर बनी थी, जिससे अवैध अतिक्रमण हो रहा था।
बता दें कि, इससे पहले समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर बिजली चोरी का भी आरोप है। बिजली विभाग ने बिजली चोरी को लेकर उन पर एक करोड़ 91 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा बिजली विभाग ने उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई है। इतना ही नहीं, सपा सांसद बर्क के घर की बिजली भी काट दी गई।
बिजली विभाग के एसडीओ संतोष त्रिपाठी ने बताया था कि जब बिजली विभाग की टीम ने सांसद बर्क के घर में लगे मीटर की रीडिंग ली तो वो जीरो निकली थी। जिसके बाद विभाग की ओर से उन्हें नोटिस भेजा जाएगा। नोटिस पर 15 दिन में रकम जमा नहीं करने पर विभाग की तरफ से आरसी जारी की जाएगी।
सांसद के पिता पर एफआईआर दर्ज
गुरुवार को जब बिजली विभाग की टीम सांसद बर्क के घर छापेमारी करने पहुंची थी तो सांसद के पिता ममलूक उर्रहमान बर्क की ओर से बिजली कर्मचारियों को धमकी भी दी गई थी। उन्होंने बिजली विभाग के कर्मचारियों से कहा था कि जब हमारी सरकार आएगी तो हम कबाड़ा कर देंगे। उनके इस बयान को लेकर नखासा पुलिस थाने में बिजली कर्मचारियों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। अधिकारियों का कहना था कि सांसद के पिता ने उन्हें धमकी दी है कि तुम्हारी वीडियोग्राफी की जा रही है कि जब हमारी सरकार आएगी सबका बदला लिया जाएगा।