Sambhal Ziaurrahman Barq: संभल में समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क के आवास पर बिजली विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ बिजली चेकिंग के लिए पहुंची। जांच के दौरान सपा सांसद के पिता ने अधिकारियों को धमकी दी और कहा कि सरकार बदलने का इंतजार कर रहे हैं। सबका हिसाब किया जाएगा और तुम्हारी वीडियो बनाई जा रही है।
यह आरोप लगाते हुए अवर अभियंता ने नखासा थाना पुलिस को तहरीर दी है। मामले में प्राथमिकी भी दर्ज कराई जा रही है। दरअसल, बिजली चोरी और अनियमितताओं की जांच के लिए बिजली विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ सांसद जियाउर्रहमान बर्क के आवास पर पहुंची थी। टीम में अवर अभियंता वीके गंगल और अजय शर्मा भी शामिल थे, जो दूसरी मंजिल पर लगे बिजली उपकरणों की जांच कर रहे थे।
इस दौरान सांसद के पिता ममलूकुर्रहमान बर्क पर दोनों अधिकारियों को धमकी देने का आरोप लगा है। अधिकारियों का कहना है कि हम काम कर रहे थे इस दौरान सांसद के पिता ने कहा कि सरकार बदलते ही सभी अधिकारियों का हिसाब किया जाएगा। हम तुम्हारी वीडियोग्राफी कर रहे हैं और इसका परिणाम भुगतना होगा। धमकी मिलने के बाद अधिकारियों ने उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया है और मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सपा सांसद पर बिजली चोरी का आरोप
बता दें कि, समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क पर बिजली चोरी का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में उपखंड अधिकारी प्रथम संतोष त्रिपाठी ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जांच के दौरान पाया गया कि उनके घर में बिजली के मीटर से छेड़छाड़ कर बिजली की चोरी की जा रही थी।
यह बिजली चोरी पिछले छह माह से जारी थी, जिससे सांसद का घर रोशन हो रहा था। सांसद जियाउर्रहमान बर्क पहले से ही हिंसा के मुख्य आरोपित हैं और अब बिजली चोरी के इस मामले ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है। समाजवादी पार्टी सांसद लगातार बीजेपी सरकार पर भेदभाव वाली राजनीति का आरोप लगाते रहे हैं।