Education Jayant Chaudhary: केंद्रीय विद्यालय (केवी) और जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) में अनुबंध शिक्षकों को नियमित करने का कोई प्रावधान नहीं है, इसको लेकर केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने सोमवार को जानकारी दी है। केन्द्रीय मंत्री ने लोकसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी साझा की है।
केवीएस और एनवीएस मानदंडों के अनुसार, अपेक्षित योग्यता रखने वाले अनुबंध शिक्षकों को समय-समय पर स्थानांतरण, सेवानिवृत्ति, छुट्टी आदि के कारण स्वीकृत पदों की रिक्तियों के विरुद्ध अल्पकालिक आधार पर नियुक्त किया जाता है, जिससे शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में बाधा न आए। इन अनुबंध शिक्षकों को नियमित करने का कोई प्रावधान नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि, केवी और जेएनवी में अनुबंध शिक्षकों को नियमित करने का कोई प्रावधान नहीं है, क्योंकि उनकी नियुक्ति छात्रों के शैक्षणिक हितों की रक्षा के लिए एक विशुद्ध रूप से अस्थायी उपाय है। इसलिए इन अध्यापकों को नियमित नहीं किया जा सकता है।
इससे पहले बीते दिनों केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालय के युवा एथलीटों और पैरा-एथलीटों से मुलाकात की थी। ये छात्र विभिन्न राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर चुके हैं।
इस कार्यक्रम में व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय और एयर राइफल शूटिंग में विश्व चैंपियनशिप स्वर्ण जीतने वाले अभिनव बिंद्रा भी मौजूद रहे। साथ ही स्कूली शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार, केंद्रीय विद्यालय संगठन की आयुक्त निधि पांडे और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।