Jharkhand Chunav 2024: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 13 नवंबर को होना है। सियासी दलों ने पहले चरण के प्रचार के लिए पूरा दमखम झोंक दिया है। इस दौरान बीजेपी लगातार घुसपैठियों के मुद्दे को उठा रही है। इस बीच झारखंड के पूर्व सीएम और बीजेपी प्रत्याशी चंपई सोरेन की बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद आदिवासियों की जमीन वापस लेने के लिए बड़ी अदालतें बुलाएंगे, चाहे केंद्र या राज्य सरकार साथ दें या ना। हम आदिवासियों को उनकी जमीन दिलाएंगे और घुसपैठियों को झारखंड से बाहर निकालेंगे।
चंपई सोरेन ने कहा कि चार साल पहले हमें घुसपैठ का पता चला था। उस समय हमारे विधायक लोबिन हेम्ब्रम ने आदिवासी महिलाओं को काटे जाने का मामला विधानसभा में उठाया था। इसके आगे उन्होंने कहा, “बतौर मंत्री मेरे पास शक्तियां सीमित थीं। जब मैं सीएम बना तो प्रशासन को इस बारे में डेटा इकट्ठा करने कहा था। “चंपई ने कहा कि चुनाव खत्म होते ही आदिवासी ग्राम सभांए बुलाई जाएंगी और बांग्लादेशी घुसपैठियों द्वारा हड़पी जमीनों को वापस लेंगे।
रोटी, बेटी और माटी का नारा
बता दें कि, बीजेपी इस चुनाव में रोटी, बेटी और माटी का मुद्दा बनाने में लगी है। बीजेपी लगातार धर्म परिवर्तन और प्रदेश की तेजी से बदलती डेमोग्राफी को लेकर विपक्षी पर हमलावर है। बीजेपी इन मामलों को लेकर काफी अक्रामक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इस मुद्दे को लेकर सोरेन सरकार पर हमला बोला है। प्रधानमंत्री ने कहा था कि सत्ता के लालच में इस समय विपक्ष देश की एकता और अखंडता को दरकिनार कर रहा है।