Ind vs SL ODI: तीन मैचों की टी-20 सीरीज के बाद भारत और श्रीलंका के बीच अब तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज हो गया है। इस सीरीज में कप्तान रोहित शर्मा और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली की वापसी हुई है। सीरीज का पहला मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में जब टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा टॉस के लिए आए तो उनके हाथ पर काली पट्टी बंधी थी। टीम इंडिया ने ये फैसला अपने पूर्व कोच और बल्लेबाज अंशुमन गायकवाड़ के निधन के कारण लिया है।
पूर्व क्रिकेटर अंशुमन का बुधवार रात को निधन हो गया था। वह लंबे समय से ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे। बीसीसीआई ने उनकी मदद की और ईलाज के लिए पैसा भी दिया लेकिन अंशुमन की जान नहीं बच सकी। अंशुमन को श्रद्धांजलि देने के लिए भारतीय खिलाड़ी पहले मैच में काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे हैं। बीसीसीआई ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर बात करते हुए लिखा, टीम इंडिया आज अपने पूर्व कोच और कप्तान अंशुमन गायकवाड़ की याद में अपने बाजुओं पर काली बट्टी बांधकर उतरी है। अंशुमन का बुधवार को निधन हो गया था।
बता दें कि, अंशुमन अक्टूबर 1997 से सितंबर 1999 तक टीम इंडिया के हेड कोच रहे। साल 2000 में कपिल देव के इस्तीफा देने के बाद वह दोबारा टीम इंडिया के कोच बने थे। भारतीय क्रिकेट उन दिनों नाजुक लम्हों से गुजर रहा था। मैच फिक्सिंग के आरोप के बाद नए कप्तान नियुक्त किए गए सौरव गांगुली ने भारत को एक बेहतर टीम बनाकर दी।
कैसा रहा अंशुमन का करियर
गायकवाड़ ने भारत के लिए 40 टेस्ट मैच खेले। इन 40 मैचों में उन्होंने 1985 रन बनाए है। इस दौरान उनका औसत 30.07 का रहा। उनके बल्ले से टेस्ट में दो शतक भी निकले। भारत के लिए 15 वनडे मैचों में गायकवाड़ ने 269 रन बनाए जिसमें एक अर्धशतक शामिल है। दाएं हाथ के बल्लेबाज गायकवाड़ ने 206 फर्स्ट क्लास मैचों में 12,136 रन बनाए हैं जिसमें 34 शतक शामिल हैं। लिस्ट-ए में उन्होंने 55 मैचों में 1601 रन अपना खाते में जोड़े।
Read Also: http://Cloud Brust: उत्तराखंड और हिमाचल में बादल फटने से हाहाकार, उफान पर नदियां, कई लोग लापता