Paris Olympic 2024 Manu Bhaker: पेरिस ओलंपिक में मनु भाकर रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बनाए जा रही हैं। लगातार दो कांस्य पदक जितने के बाद वो एक और पदक की रेस में पहुंच गईं हैं। शुक्रवार को मनु भाकर ने 25 मीटर पिस्टल इवेंट के क्वालिफिकेशन राउंड में कमाल का प्रदर्शन किया। क्वालिफिकेशन राउंड में मनु भाकर दूसरें नंबर पर रहीं और इसी के साथ उन्होंने फाइनल में जगह बना ली है।
बता दें कि, मनु भाकर तीसरे मेडल के लिए तीसरी बार एक ही ओलंपिक में खेलने उतरेंगी। मनु भाकर ने पहला कांस्य पदक 10 मीटर एयर पिस्टल में और दूसरा कांस्य पदक मनु और सरबजीत ने साथ मिलकर जीता। हालांकि, भारत ने इस ओलंपिक में कुल तीन मेडल जीते हैं और तीनों ही मेडल शूटिंग में मिले हैं।
ईशा हुईं ओलंपिक से बाहर
मनु भाकर ने प्रिसीजन राउंड में 294 और रैपिड राउंड में 296 का स्कोर बनाया। कुल स्कोर मनु का 590 का रहा और उन्होंने 24 एक्स लगाए। पहले स्थान पर हंगरी की मेजर वेरोनिका रहीं। उन्होंने प्रिसीजन राउंड में 294 और रैपिड राउंड में 298 का स्कोर बनाया। वेरोनिका का कुल स्कोर 592 का रहा और उन्होंने 27 एक्स यानी परफेक्ट 10 लगाए। वहीं, इसी स्पर्धा में भारत की एक और शूटर ईशा सिंह 581 के स्कोर के साथ 18वें स्थान पर रहीं। उन्होंने प्रिसीजन राउंड में 291 का स्कोर बनाया, जबकि रैपिड राउंड में ईशा का स्कोर 290 रहा।
इतिहास रचने के करीब भाकर
ओलंपिक में पहले ही शूटिंग में कांस्य पदक जीत कर इतिहास बनाने वाली मनु भाकर ने दूसरा मेडल जीतकर और एक नया कीर्तिमान रच दिया। मनु भाकर ने अगर तीसरा मेडल जीत लिया तो वो भारतीय इतिहास की पहली खिलाड़ी होंगी जिनके नाम तीन ओलंपिक मेडल होंगे। फिलहाल, वो सुशील कुमार, पीवी सिंधु की तरह 2 ओलंपिक मेडल जीत चुकी हैं। मनु जिस तरह की फॉर्म में हैं उसे देखकर ये काम नामुमकिन भी नहीं लग रहा है। मनु शनिवार को 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा का फाइनल खेलेंगी।