Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में इसी साल के आखिर तक विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव से पहले प्रदेश में सियासी हलचल तेज है। नेताओं का एक दूसरी पार्टी में आना जाना शुरू हो गया है। अब अजित गुट की एनसीपी को बड़ा झटका लगा है। अजित गुट के चार बड़े नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। चुनाव से पहले अजित गुट के लिए यह बड़ा झटका है।
कयास लगाए जा रहे हैं कि यह नेता शरद पवार गुट के साथ जा सकते हैं। अजित पवार गुट के अजित गवाहाने, एनसीपी पिंपरी-चिंचवाड़ छात्र विंग के प्रमुख यश साने, पूर्व पार्षद राहुल भोसले और पंकज भालेकर ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। जानकारी के अनुसार, पहले से कयास लगाए जा रहे थे कि लोकसभा चुनाव के बाद अजित पवार के कुछ नेता शरद पवार की पार्टी में शामिल हो सकते हैं।
साथ ही शरद पवार ने भी पहले दावा किया था कि अलग हुए एनसीपी गुट के कुछ विधायकों ने उनकी पार्टी के सीनियर नेता जयंत पाटिल से मुलाकात की थी। बता दें कि, लोकसभा चुनाव में महा विकास अघाड़ी (MVA) ने शानदार प्रदर्शन किया था। महाराष्ट्र की 48 सीटों में से 30 सीटों पर जीत हासिल की थी। अजित पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी को सिर्फ एक सीट रायगढ़ मिली जबकि शरद पवार गुट को आठ सीटें मिलीं थी।
लोकसभा चुनाव के बाद कहा जा रहा था राज्य में जनता पार्टियों के टूटने बिखरने से नाराज थे। महाराष्ट्र में शिवसेना और एनसीपी के टूटने के बाद लोगों में आक्रोश पनप गया और बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को चुनाव में भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। एनडीए को 48 में से सिर्फ 18 सीटें मिली थी।
Read Also: http://Jammu Kashmir: डोडा आतंकी हमले में पांच जवान शहीद, फायरिंग करते हुए बच निकले आतंकी