Parliament Session 2024: देश में 18वीं लोकसभा के लिए नवनिर्वाचित सदस्यों का सोमवार से शपथ ग्रहण चल रहा है। प्रोटेम स्पीकर भर्तुहरी महताब को सोमवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शपथ दिलाई और इसके बाद प्रोटेम स्पीकर एक-एक कर सभी सदस्यों को सदन की सदस्यता की शपथ दिला रहे हैं। मंगलवार को भी सभी दलों के सदस्यों ने शपथ ग्रहण किया। वहीं एआईएमआईएम के नेता और हैदराबाद से सांसद अससुद्दीन ओवैसी के शपथ ग्रहण के दौरान सदन में जोरदार हंगामा हुआ।
इस दौरान कुछ ऐसे नारे लगाए गए जिसको लेकर सदन के कई सदस्यों ने नाराजगी जताई। ज्यादा हंगामा होने पर पीठ पर बैठे राधा मोहन सिंह ने इसे कार्यवाही से निकालने की बात कही जिसके बाद ही सदस्य शांत हुए। दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी ने संसद में शपथ ली। शपथ लेने के बाद ओवैसी ने ‘जय भीम, जय तेलंगाना, जय फिलिस्तीन….कहा। जिस पर सांसद शोभा करंदलाजे ने सवाल उठाए।
फिर इसके बाद संसद में अन्य सदस्यों ने भी जय फिलिस्तीन कहे जाने पर आपत्ति जताई। संसद सदस्य के तौर पर ओवैसी ने उर्दू में शपथ ली। जब उनका नाम लिया गया तो कुछ सांसदों ने जय श्रीराम के नारे भी लगाए। ओवैसी ने अल्लाह-हू-अकबर…के भी नारे लगाए। जिस पर बीजेपी के कई सदस्यों ने आपत्ति जताई। जब ज्यादा विवाद बढ़ने लगा तो पीठ पर बैठे राधा मोहन सिंह ने इसे रिकॉर्ड से निकालने का आदेश दिया।
5वीं बार बने सांसद
बता दें, ओवैसी हैदराबाद से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। वो पांचवी बार सांसद बने हैं। इस विवाद के बाद ओवैसी ने सफाई दी और कहा कि फिलीस्तीन बोलना संविधान के खिलाफ कैसे है। बीजेपी सांसद जी किशन रेड्डी का काम ही विरोध करना है। इस तरह के नारों पर विवाद नहीं होना चाहिए।