Loksabha Chunav 2024 Sixth Phase Voting Live: लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान आज सुबह 7 बजे से जारी है। इस चरण में 8 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों की 58 सीटों पर मतदान किया जा रहा है। आज हरियाणा प्रदेश की सभी 10 सीटों और दिल्ली की 7 सीटों पर मतदान हो रहा है। हरियाणा की सबसे हॉट सीट की बात की जाए तो करनाल सबसे हॉट सीट हैं। यहां से बीजेपी ने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को चुनावी मैदान में उतारा है, इसके अलावा एक दूसरा कारण प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सैनी इसी सीट से विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी है।
बीजेपी ने करनाल सीट से पूर्व मुख्यमंत्री को कांग्रेस के दिव्यांशु बुद्धिराजा के खिलाफ उतारा है। बीजेपी बिजनेस टाइकून नवीन जिंदल को कुरूक्षेत्र से मैदान में उतारा है, जहां उनका मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप) प्रत्याशी सुशील गुप्ता और इंडियन नेशनल लोक दल (इनेलो) के अभय सिंह चौटाला से है। दूसरी ओर, कांग्रेस ने बीजेपी के गढ़ में सेंध लगाने की उम्मीद में तीन बार के सांसद राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ गुरुग्राम से राज बब्बर को मैदान में उतारा है।
कांग्रेस ने रोहतक लोकसभा सीट से भूपिंदर सिंह हुडा के बेटे दीपेंद्र सिंह हुडा को बीजेपी के अरविंद कुमार शर्मा के खिलाफ मैदान में उतारा है। साल 2019 के आम चुनावों में बीजेपी राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और सभी 10 लोकसभा सीटें जीतकर क्लीन स्वीप किया था। इस बार कांग्रेस और आप के सामने प्रदेश में खाता खोलने के लिए बड़ी चुनौती होगी। करनाल प्रत्याशी पूर्व सीएम मनोहर लाल ने बूथ संख्या 174 पर सबसे पहले पहुंचकर वोट डाला।
पूर्व सीएम मनोहर लाल ने डाला वोट
मतदान के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान पूर्व सीएम ने कहा कि बीजेपी एक बार फिर से राज्य में क्लीन स्वीप करने जा रही है। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस की कुनीतियों को पूरी तरह से नकार दिया है और पूरे प्रदेश में कमल खिलाने का मन बना रखा है। उन्होंने हरियाणा वासियों से ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील की है। कहा कि लोकतंत्र का महापर्व हम सभी को मनाना चाहिए।
कुरुक्षेत्र की जनता मेरा परिवार- नवीन जिंदल
कुरुक्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी नवीन जिंदल ने अपनी पत्नी के साथ वोट डाला और कहा कि मुझे नहीं लग रहा है कि यहां चुनाव हो रहा है। कुरुक्षेत्र की जनता 30 सालों से मेरा परिवार है। मैं जनता का आभारी हूं कि इतने सालों से मुझे प्यार दिया और सेवा प्रदान करने का मौका मुझे मिला। प्रदेश की जनता को बीजेपी पर पूरा भरोसा है। यहां की जनता काफी उत्साहित है और बीजेपी की नीतियों पर पूरा भरोसा है। प्रदेश में एक बार फिर से सभी सीटों पर कमल खिलने जा रहा है।
Read Also: http://Bhaiyya Ji Movie Review: क्रिटिक्स ने अभिनेता मनोज बाजपेयी की 100वीं फिल्म को बताया ‘ओके-ओके’
बीजेपी और कांग्रेस को जनता ने नकारा- अभय चौटाला
सिरसा से इंडियन नेशनल लोकदल के प्रत्याशी अभय सिंह चौटाला ने कहा, ‘कांग्रेस और बीजेपी किन मुद्दों पर लड़ रही हैं? राहुल गांधी और पीएम मोदी दोनों के बयान हमेशा एक-दूसरे के खिलाफ होते हैं…क्या कांग्रेस बता रही है कि उन्होंने आखिरी में क्या किया है 70 साल या बीजेपी बता रही है कि उन्होंने 10 साल में क्या किया है? हमारे पास हरियाणा के लोगों को बताने के लिए कई चीजें हैं कि जब हमारी सरकार सत्ता में थी तो हमने क्या सुविधाएं दीं। अभय सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता ने दोनों पार्टियों को नकार दिया है। बीजेपी ने बीते 10 सालों में केवल जनता को बेवकूफ बनाने का काम किया है। यह चुनाव देश में परिवर्तन लाने का चुनाव है।
400 पार का लक्ष्य होगा पूरा- सीएम सैनी
हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने अपने पैतृक गांव मिर्जापुर, नारायणगढ़ में एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। सीएम सैनी करनाल विधानसभा उपचुनाव के लिए बीजेपी के उम्मीदवार हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ पूरा देश कह रहा है कि इस बार बीजेपी 400 पार का लक्ष्य पूरा करेगी। प्रधानमंत्री के कार्यों को देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में सराहना मिली है। इस बार हरियाणा में एक बार फिर से सभी 10 सीटों पर कमल खिलने जा रहा है।
परिवर्तन के लिए करें मतदान- दुष्यंत चौटाला
जेजेपी नेता और हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम, दुष्यंत चौटाला ने हरियाणा के सिरसा में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। वोटिंग के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान दुष्यंत चौटाला ने कहा लोगों को घर से बाहर निकलना चाहिए और ज्यादा से ज्यादा मतदान करना चाहिए। यह चुनाव परिवर्तन का चुनाव है।