Bihar: कांग्रेस और आरजेडी में सीटों का बंटवारा, संयुक्त प्रेस वार्ता कर दी जानकारी

Bihar INDI Alliance Seat Allot: बिहार में विपक्षी गठबंधन ‘इंडि’ के प्रमुख घटक दल आरजेडी के साथ कांग्रेस का सीट बंटवारा तय हो गया। सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस और आरजेडी में लंबे समय से रस्साकशी चल रही थी। दोनों दलों ने शुक्रवार को संयुक्त प्रेस वार्ता कर सीटों की जानकारी दी। प्रदेश में कांग्रेस 9, राजद 26, भाकपा माले 3, माकपा और भाकपा एक-एक सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

शुक्रवार को पटना में राष्ट्रीय जनता दल कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में महागठबंधन की सीटों का एलान किया गया। आरजेडी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज झा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि राष्ट्रीय जनता दल गया, नवादा, जहानाबाद, औरंगाबाद, बक्सर, पाटलिपुत्र, मुंगेर, जमुई, बांका के साथ ही वाल्मीकि नगर सीट पर चुनाव लड़ेगी।

इन 10 सीटों के अलावा पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली, सारण, सिवान, गोपालगंज, उजियारपुर, दरभंगा, मधुबनी और जहानाबाद में भी राजद के उम्मीदवार होंगे। झंझारपुर, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया और हाजीपुर सीट भी राजद के कोटे में आई हैं। पार्टी इन सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।

कांग्रेस को मिली 9 सीटें

राष्ट्रीय जनता दल ने प्रमुख सहयोगी कांग्रेस को किशनगंज, कटिहार, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पश्चिमी चंपारण, पटना साहिब, सासाराम के साथ ही महाराजगंज की सीट भी दी है। भाकपा माले आरा, काराकाट और नालंदा में चुनाव लड़ेंगे, जबकि सीपीआई बेगूसराय और सीपीएम खगड़िया सीट पर चुनाव लड़ेगी। विधानसभा उपचुनाव के लिए भाकपा माले को अगिआंव सीट भी मिली है।

मुकेश साहनी से जुड़े सवाल पर मनोज झा ने किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि गठबंधन पार्टियों के साथ होता है ना कि व्यक्तिगत। वहीं, वह पप्पू यादव से जुड़े सवाल का जवाब भी देने से बचते नजर आए।

Read Also: UP: मुख्तार अंसारी का पोस्टमार्टम जारी, आज शव को किया जाएगा सुपुर्द-ए-खाक, जहर वाले आरोप पर राजनाथ सिंह ने दी प्रतिक्रिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *