Delhi Excise Policy Arvind Kejriwal: दिल्ली के शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को गुरुवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया था। इससे पहले ईडी केजरीवाल को 9 समन जारी कर चुकी थी लेकिन बावजूद इसके केजरीवाल जांच एजेंसी के सामने पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए थे।
आज शुक्रवार को ईडी ने केजरीवाल को पीएमएलए (PMLA) कोर्ट में पेश किया और 10 दिनों की रिमांड की मांग की। गिरफ्तारी के खिलाफ केजरीवाल की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट की विशेष पीठ के समक्ष भी सुनवाई होनी थी लेकिन केजरीवाल ने अपनी याचिका वापस ले ली है। ईडी ने कोर्ट में 28 पन्नों की दलील पेश की है। कोर्ट में अरविंद केजरीवाल की रिमांड को लेकर सुनवाई पूरी हो चुकी है। कोर्ट ने रिमांड को लेकर फैसला सुरक्षित रखा है।
गिरफ्तारी के विरोध में सड़कों पर उतरेंगे- आतिशी
केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी मार्लेना ने कहा था कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद केजरीवाल की गिरफ्तारी से पता चलता है कि पीएम मोदी उनसे डरते हैं। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी को लोकतंत्र की हत्या बताया। आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी बीजेपी के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी, हम इसके खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे।
प्रवर्तन निदेशालय की कोर्ट में दी गई क्रमवार दलीलें…
हमारी रिमांड याचिका में एक्साइज पॉलिसी केस का पूरा बैकग्राउंड शामिल है।
दिल्ली एक्ससाइज पॉलिसी को इस तरह बनाया ताकि रिश्वत ली जा सके और रिश्वत देने वाले लोगों को फायदा पहुंचाया जा सके।
केजरीवाल घोटाले के सरगना (KINGPIN OF THE SCAM) हैं। केजरीवाल ने रिश्वत लेने के लिए कुछ खास लोगों को फायदा पहुंचाया।
अपराध की कमाई का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी के गोवा चुनाव में किया गया।
Read Also: IPL 2024: थोड़ी देर में शुरू हो जाएगी आईपीएल सेरेमनी, अक्षय कुमार समेत कई स्टार करेंगे परफॉर्म
केजरीवाल पॉलिसी के निर्माण में सीधे तौर पर शामिल थे।
सिसोदिया के सेक्रेटरी ने बताया कि सिसोदिया ने उन्हें साल 2021 में केजरीवाल के आवास पर बुलाया था। इस मामले में सिसोदिया भी गिरफ्तार हैं और उन्हें जमानत नहीं मिली है।
विजय नायर (शराब नीति मामले में गिरफ्तार एक और आरोपी) केजरीवाल के साथ मिलकर काम कर रहा था। विजय केजरीवाल के घर के पास रहता था। वह केजरीवाल के काफी करीब रहकर काम कर रहा था। विजय नायर ने बिचौलिए की भूमिका निभाई।
केजरीवाल ने दक्षिण के समूह से रिश्वत की मांग की। हमारे पास इसे साबित करने के लिए पर्याप्त बयान हैं।
बयानों के मुताबिक, केजरीवाल ने कविता से मुलाकात की और उनसे कहा कि उन्हें दिल्ली एक्साइज पॉलिसी पर मिलकर काम करना चाहिए।