Bihar Student Protest: बिहार में आज सैकड़ों छात्रों ने पटना स्थित जेडीयू कार्यालय के बाहर जमकर हंगामा किया। नाराज छात्रों ने कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की और सड़क को घंटोभर के लिए जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब छात्रों को समझाने का प्रयास किया, तो इस दौरान छात्रों की पुलिस के साथ झड़प हो गई।
दरअसल, बिहार के शिक्षा विभाग ने डिग्री कॉलेज में पढ़ने वाले 11वीं तक के छात्रों को अब स्कूलों में शिफ्ट करने का आदेश दिया है, जिसको लेकर कक्षा 12वीं के छात्रों ने रोष जताया और प्रदर्शन किया। नाराज छात्रों ने जेडीयू कार्यालय का घेराव कर लिया है। इंटर के छात्रों की डिमांड है कि इस आदेश को वापस ले लिया जाए।
नाराज छात्र जेडीयू कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं और पुलिस छात्रों को समझाने की कोशिश कर रही है। शिक्षा विभाग के अनुसार, अगले शैक्षणिक सत्र से महाविद्यालय में पढ़ रहे 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को उच्च विद्यालय में भेजा जा रहा है। इसी फैसले के विरोध में सभी जगह छात्र-छात्राएं पुरजोर विरोध कर रहे हैं।
होली से पहले जारी होगा परिणाम
बता दें कि, बिहार बोर्ड की 12वीं की परीक्षाएं 1 फरवरी से लेकर 12 फरवरी तक आयोजित हुई थी। इस बार 13 लाख 4 हजार 352 छात्र-छात्रों ने इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन किया था। अब छात्रों को बेसब्री से अपने रिजल्ट का इंतजार है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीएसईबी ने 12वीं कक्षा के टॉपर्स के इंटरव्यू लगभग पूरे कर लिए हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द परिणाम घोषित हो जाएंगे।
बताया जा रहा है कि बिहार बोर्ड होली से पहले परीक्षा परिणाम घोषित कर देगा, हालांकि 21 और 22 मार्च को परिणाम घोषित करना मुश्किल लग रहा है। ऐसे में शनिवार को बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणामों का ऐलान कर सकता है। अभी, आगामी शैक्षिक सत्र में समय है लेकिन देखने वाली बात यह होगी की बिहार शिक्षा विभाग 11वीं के छात्रों को लेकर दिए गए आदेश को वापस लेता या नहीं।