Delhi PM Modi: देश में महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक बड़ी पहल की गई। राजधानी दिल्ली में ‘सशक्त नारी-विकसित भारत कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1,000 दीदीयों को ड्रोन सौंपा।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के मुताबिक, यह कार्यक्रम भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI) में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभर के 11 अलग-अलग जगहों से नमो ड्रोन दीदीयां शामिल हुई। यह योजना महिलाओं को आधुनिकता के साथ एग्रीकल्चर में अपना योगदान देने के लिए शुरू की गई। इसके लिए सरकार फ्री में ट्रेनिंग भी दे रही है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण के लिहाज से बहुत ऐतिहासिक है। आज मुझे नमो ड्रोन दीदी अभियान के तहत एक हजार आधुनिक ड्रोन महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों को सौंपने का अवसर मिला। मैंने ये फैसला लिया कि हमें अब 3 करोड़ लखपति दीदी के आंकड़े को पार करना है। इसी उद्देश्य से आज 10 हजार करोड़ रुपए की राशि भी इन दीदियों के खाते में ट्रांसफर की गई है।
नारी की गई उपेक्षा- पीएम मोदी
आगे पीएम ने कहा कि कोई देश हो या कोई भी समाज वह आगे तब बढ़ सकता है जब वह नारी की गरिमा को बढ़ाने और सम्मान देने का काम करता हो। बिना नारी सशक्तिकरण के कोई भी समाज सशक्त नहीं हो सकता। इस दौरान पीएम मोदी ने पिछली सरकारों को निशाने पर लिया और कहा कि पिछली सरकारों ने हमेशा नारी की उपेक्षा की है।
देश में पहले जो सरकारें रही, उनके लिए आप सभी महिलाओं का जीवन, आपकी मुश्किलें कभी प्राथमिकता नहीं रही और आपको आपके नसीब पर छोड़ दिया गया था। मेरा अनुभव यह है कि हमारी माताओं-बहनों को अगर थोड़ा अवसर, थोड़ा सहारा मिल जाए, तो फिर उनको सहारे की जरूरत नहीं रहती है, वे खुद लोगों का सहारा बन जाती हैं।