Loksabha Chunav 2024: आगामी लोकसभा चुनावी की तैयारी में जुटी समाजवादी पार्टी ने आज 11 प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगा दी। सोमवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सूची जारी करते हुए गाजीपुर से एक बार फिर मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी को गाजीपुर से प्रत्याशी बनाया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की सबसे चर्चित सीटों में से एक मुजफ्फरनगर से सपा ने हरेन्द्र मलिक को प्रत्याशी बनाया है।
सपा ने शाजहांपुर से राजेश कश्यप, हरदोई से उषा वर्मा, मिश्रिख लोकसभा सीट से रामपाल राजवंशी, मोहनलालगंज से आरके चौधरी, प्रतापगढ़ से एसपी सिंह पटेल, बहराइच से रमेश गौतम, गोंडा से श्रेया वर्मा, चंदौली से वीरेन्द्र सिंह और आंवला लोकसभा सीट से नीरज मौर्य को टिकट दिया है।
27 नामों का ऐलान
इससे पहले समाजवादी पार्टी ने 30 जनवरी को प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी की थी। जिसमें 16 प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाई गई थी। पहली लिस्ट में डिपंल यादव को मैनपुरी से प्रत्याशी बनाया था। संभल से शफीकुर रहमान बर्क को टिकट दिया था। सपा अब तक 80 लोकसभा सीटों में से 27 सीटों पर प्रत्याशी उतार चुके हैं।
न्याय यात्रा में नहीं हुए शामिल
बता दें कि, सपा ने दूसरी लिस्ट तब जारी की गई है जब राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर यूपी में ही है। आज वह अपनी पुरानी लोकसभा सीट अमेठी में न्याय यात्रा निकाल रहे हैं। जबकि अखिलेश यादव विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ का हिस्सा है। लेकिन कांग्रेस के साथ कथित मतभेदों की वजह से वह राहुल गांधी की यात्रा में शामिल नहीं हुए हैं। सीट शेयरिंग के मुद्दे पर माना जा रहा है कि वह कांग्रेस के साथ समझौता करने के मूड में नहीं हैं।