Cricket: ईशान किशन ने टेस्ट की जगह IPL को दी तवज्जो, BCCI एक्शन लेने के लिए तैयार

Ishan Kishan: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की मुश्किल बढ़ने वाली है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ईशान किशन पर एक्शन लेने की तैयारी कर रहा है। इस सीजन में ईशान किशन ने झारखंड की ओर एक भी मैच नहीं खेला है। इसके अलावा वह दक्षिण अफ्रीका के बाद इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए भी उपलब्ध नहीं रहे थे।

ऐसे में ईशान किशन पर घरेलू और टेस्ट मैच को तवज्जो नहीं देने का आरोप लगना स्वभाविक है। इस बात से बीसीसीआई बेहद खफा है और ईशान किशन पर एक्शन लिया जा सकता है। ईशान किशन ने दक्षिण अफ्रीका दौरे से मानसिक स्वास्थ्य का हवाला देकर ब्रेक लिया था।

किशन के लिए यह शर्त रखी गई कि टीम इंडिया में वापसी करने के लिए उन्हें पहले मैदान पर खुद को साबित करना होगा। लेकिन किशन ने दो महीने से मैदान से दूरी बना रखी है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ईशान किशन अब सीधे आईपीएल के जरिए ही मैदान पर वापसी करेंगे।

बीसीसीआई देगा चेतावनी

मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जो भी भारतीय खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट की बजाए आईपीएल को प्राथमिकता दे रहे हैं उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। इन खिलाड़ियों को बीसीसीआई की ओर से चेतावनी दी जाएगी। इतना ही नहीं अगर सीनियर खिलाड़ी चोट से वापसी करने के बाद घरेलू क्रिकेट नहीं खेलते हैं तो उनके लिए भी टीम इंडिया के दरवाजे बंद हो सकते हैं।

पूर्व खिलाड़ियों ने जताई नाराजगी

बता दें कि, किशन के इस व्यवहार को लेकर कई पूर्व भारतीय खिलाड़ियों ने नाराजगी जताई। स्टार ऑलराउंडर रहे इरफान पठान ने सोशल मीडिया के जरिए बिना नाम लिए कहा था कि कोई टेस्ट मैचों को तवज्जो नहीं दे रहा है तो उसको सीधे टीम में शामिल नहीं करना चाहिए। अब टीम के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने दो टूक कहा कि अगर कोई खिलाड़ी चोटिल होता है तो वापसी के लिए पहले उसे मैदान पर साबित करना होगा। इसके बाद ही टीम में उसके लिए दरवाजे खुल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *