Jharkhand CM Champai Soren Oath Ceremony: झारखंड में हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और इस्तीफे के बाद प्रदेश में राष्ट्रपति शासन की मांग तेज हो गई थी। अब झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की सरकार बनने की तस्वीर साफ हो गई। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने गुरुवार देर रात झामुमो नेता चंपई सोरेन को आमंत्रित किया।
राज्यपाल ने चंपई सोरेन सरकार बनाने का न्योता दिया। चंपई सोरेन शुक्रवार दोपहर 12 बजे शपथ ले सकते हैं। खबरों के मुताबिक, चंपई सोरेन को 10 दिनों के अंदर बहुमत साबित करना होगा। इससे पहले राज्य में असमंजस की स्थिति के चलते चंपई सोरेन ने राज्यपाल से सरकार गठन के अनुरोध को जल्द से जल्द स्वीकार करने का अनुरोध किया था।
हेमंत सोरेन के इस्तीफे के बाद राज्य अभी भी मुख्यमंत्री विहीन है। सियासी संकट के बादल अब छंटते नजर आ रहे हैं। झामुमो गठबंधन ने भी अपने विधायकों को दो निजी विमानों से दूसरी जगहों पर ले जाने की कोशिश की लेकिन खराब मौसम के कारण विमान उड़ान नहीं भर सके। गठबंधन के कुछ विधायकों के मुताबिक, उन्हें दो निजी विमानों से हैदराबाद ले जाने की योजना थी, एक में 12 सीटें और दूसरे में 37 सीटें थी।
Read Also: Interim Budget 2024: बजट पर सीएम मनोहर लाल ने दी प्रतिक्रिया, बोले- ‘मातृशक्ति के कल्याण का बजट’
हालांकि, विधायकों को हैदराबाद ले जाने की योजना रद्द करनी पड़ी क्योंकि इस उद्देश्य के लिए किराए पर लिया गया निजी विमान हवाई अड्डे पर कम दृश्यता के कारण उड़ान नहीं भर सका। एयरपोर्ट पर करीब दो घंटे तक इंतजार करने के बाद विधायक सर्किट हाउस लौट आए।
बता दें कि, झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया था। हेमंत सोरेन को 10 समन जारी करने के बाद लंबी पूछताछ के बाद ईडी ने 31 जनवरी बुधवार को गिरफ्तार किया था। इसके बाद प्रदेश में सियासी संकट गहराने लगा था। प्रदेश में झामुमो के लिए सरकार बनाना मुश्किल हो गया था। बैठक में विधायक दल का नेता चंपई सोरेन को चुना गया था।