अमृतसरः हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अमृतसर पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की ओर से आयोजित विशाल कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पंजाब की आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत को नमन किया। सीएम सैनी ने कहा कि अमृतसर गुरुओं, संतों और महापुरुषों की पावन धरती है और उन्होंने इस पवित्र भूमि को शीश झुकाकर प्रणाम किया। उन्होंने स्थानीय नेता रिंकू वाल्मीकि की ओर से आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब की जनता भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों से लगातार जुड़ रही है।
विपक्ष पर साधा निशाना
पंजाब के राजनीतिक हालात पर बोलते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पंजाब की जनता से झूठे वादे किए और उन्हें गुमराह कर वोट हासिल किए। इसके बाद सत्ता में आई आम आदमी पार्टी ने भी अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के नेतृत्व में केवल खोखले दावे किए।
सीएम सैनी ने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने पंजाब के युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें नशे की ओर धकेलने का काम किया। उन्होंने इसे अक्षम्य पाप बताते हुए कहा कि जनता अब इन झूठे वादों से परेशान हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह पंजाब की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया, उसी तरह अब आम आदमी पार्टी को भी बाहर करने का मन बना लिया है।
‘एक महीने में नशा तस्करों पर होगी सख्त कार्रवाई’
नशे और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले तीन से छह महीने में नशा खत्म करने का दावा किया था, लेकिन जमीनी स्थिति अलग है। उन्होंने कहा कि पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन सरकार बनने पर एक महीने के भीतर नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नशे का कारोबार करने वालों को या तो यह काम बंद करना होगा या फिर पंजाब छोड़कर भागना पड़ेगा। सैनी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य पंजाब को मजबूत और ‘रंगला पंजाब’ बनाना है। इसके लिए प्रदेश में बड़े स्तर पर औद्योगिक निवेश लाने और युवाओं को स्थायी रोजगार देने पर ध्यान दिया जाएगा।
रोजगार और खेल के क्षेत्र में काम का दावा
सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना भाजपा की प्राथमिकता होगी। उन्होंने खेल के क्षेत्र में भारतीय खिलाड़ियों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसी पहलों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। देश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर स्वर्ण पदक जीतकर भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए सैनी ने कहा कि जनता को सरकार के काम का हिसाब चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल मंचों पर चुटकुले सुनाने से लोगों का पेट नहीं भरता।
ईडी की कार्रवाई पर भी दिया जवाब
चंडीगढ़ और पंजाब में प्रशासनिक तथा जांच एजेंसियों की कार्रवाई से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय पूरी तरह स्वतंत्र और स्वायत्त एजेंसी है। उन्होंने कहा कि ईडी केवल पंजाब में ही नहीं, बल्कि हरियाणा समेत पूरे देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करती है। सीएम सैनी ने कहा कि विपक्ष को जांच एजेंसियों की कानूनी कार्रवाई को बेवजह राजनीतिक रंग देने के बजाय जनता के सामने अपने वादों और कामकाज का हिसाब देना चाहिए।