Money Laundering Case Hemant Soren: झारखंड के रांची में जमीन की खरीद ब्रिकी को लेकर हुए मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सीएम हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक बार फिर से समन भेजा है। ईडी ने अपने 10वें समन में सीएम से पूछा कि वह 27 जनवरी से 31 जनवरी के बीच कब और किस जगह पर पूछताछ के लिए उपलब्ध होंगे। इससे पहले 25 जनवरी को जांच एजेंसी ने सोरेन के साथ कई घंटों तक पूछताछ की थी।
अब तक डेढ़ दर्जन लोग गिरफ्तार
गौरतलब है कि, रांची के बड़गाईं अंचल में करीब 8.46 एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामले में ईडी करीब 7 घंटे तक सीएम सोरेन से पूछताछ कर चुकी है। 25 जनवरी को झारखंड सीएम ने ईडी को पत्र लिखकर अपनी व्यवस्ताओं का हवाला दिया था। इसके अलावा यह साफ नहीं किया था कि वह कब पूछताछ के लिए उपलब्ध रहेंगे। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में केन्द्रीय एजेंसी IAS अधिकारी छवि रंजन समेत डेढ़ दर्जन लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
रांची के बड़गाईं अंचल के जमीन घोटाले के मामले में ED ने सोरेन को सबसे पहला समन भेजकर 14 अगस्त 2023 को पेश होने को कहा था। हालांकि सोरेन ने इस पर लिखित जवाब दिया था और समन को गैरकानूनी बताते हुए पेश नहीं हुए थे। इसके बाद से लगातार ईडी की ओर से समन जारी किए गए। 22 जनवरी को भेजे गए 9वें समन के बाद हेमंत सोरेन 25 जनवरी को ईडी के सामने पूछताछ के लिए पेश हुए।