Maharashtra Atal Setu: शुक्रवार को पीएम नरेन्द्र मोदी ने समंदर पर देश के सबसे लंबे पुल का उद्घाटन किया। अब महाराष्ट्र में मुंबई से नवी मुंबई का रास्ता सिर्फ 20 मिनट का है। इस पुल का नाम ‘अटल बिहारी वाजपेयी सेवारी-न्हावा शेवा अटल सेतु’ रखा गया है।
दिसंबर 2016 में पीएम ने इस पुल का शिलान्यास किया था। अटल सेतु का निर्माण 17 हजार 840 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत से किया गया है। यह पुल लगभग 21.8 किमी लंबा और 6-लेन वाला है। 16.5 किमी लंबा समुद्र के ऊपर और करीब 5.5 किमी जमीन पर बना है। यह देश का सबसे लंबा पुल है।
यह मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे और नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को कनेक्टिविटी मजबूत करने में मदद करेगा। मुंबई से पुणे, गोवा और दक्षिण भारत की यात्रा में लगने वाले समय को भी कम करेगा। यह मुंबई बंदरगाह और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा। अटल सेतु आज से आम लोगों के लिए खोल दिया गया है।
बता दें कि, पहले मुंबई और नवी मुंबई के बीच दो घंटे का समय लगता था। अब पुल के शुरू होने के बाद 20 मिनट में यह दूरी तय हो जाएगी। अटल सेतु के निर्माण में करीब 177,903 मीट्रिक टन स्टील और 504,253 मीट्रिक टन सीमेंट का इस्तेमाल किया गया है।
यह पुल लगभग 18,000 हजार करोड़ रुपए में बनकर तैयार हुआ है। उम्मीद है कि इसके पूरा होने पर प्रतिदिन लगभग 70,000 वाहन चलेंगे और यह 100 वर्ष चलता रहेगा। वाहन चालकों को अटल सेतु पर अधिकतम 100 किमी प्रति घंटे की स्पीड से यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी। समुद्री ब्रिज पर भारी वाहन, बाइक, ऑटो रिक्शा और ट्रैक्टर की अनुमति नहीं होगी।
मानसून के दौरान उच्च-वेग वाली हवाओं का सामना करने के लिए विशेष रूप से लाइटिंग पोल डिजाइन किए गए हैं। बिजली से होने वाली संभावित क्षति से बचाने के लिए लाइटिंग प्रोटेक्शन सिस्टम भी लगाया गया है। जिससे लोगों को खतरे से बचाया जा सके।