ED Raid: हापुड़-बुलंदशहर रोड स्थित राधिका एंक्लेव के कालोनाइजर सुधीर गोयल के घर ईडी की टीम छापेमारी करने पहुंची। ईडी की टीम मंगलवार सुबह करीब आठ बजे घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गई। जिसके बाद सुधीर गोयल के सहयोगियों ने ईडी का विरोध किया लेकिन मौके पर मौजूद सीआरपीएफ के जवानों ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। राजधानी लखनऊ से आई ईडी की पांच टीमों ने कालोनाइजर के आवास समेत पांच स्थानों पर छापेमारी की।
ईडी की टीम कालोनाइजर के परिजनों से बंद कमरों में पूछताछ कर रही है। इस दौरान ईडी की टीम ने कुछ दस्तावेजों को भी कब्जे में लिया है। कालोनाइजर पर गैंगस्टर और हिस्ट्रीशीट की कार्रवाई के बाद उसे पत्नी और तीन अन्य साथियों समेत 20 दिन पहले जेल भेज दिया गया था।
बताया जा रहा है कि कालोनाइजर ने करोड़ों रुपए की मनी लार्डिंग की, इसकी जांच के लिए ईडी की पांच टीम सीआरपीएफ जवानों के साथ सुबह आठ बजे नगर में पहुंची थी। एक टीम बेटे से पूछताछ कर रही है। दूसरी टीम ने कालोनी में 15 दिन पूर्व आई गीता नाम की महिला से पूछताछ में जुटी है।
इसके अलावा ईडी की तीसरी टीम चौक बाजार निवासी कालोनाइजर के बहनोई प्रमोद कुमार टीटू गन हाऊस वालों के घर पर छापेमारी कर रही है। यहां पर छापेमारी के दौरान जमकर बवाल मचा। परिजनों ने नौकर से बोलकर घर के बाहर गेट का ताला लगवा दिया। जिसके बाद ईडी ने सीआरपीएफ की मदद से ताले को तुड़वाया।
इस दौरान ईडी की टीम ने प्रमोद कुमार की पत्नी और उसकी बेटी को हिरासत में ले लिया। मकान से कालोनाइजर के प्लाट और मकान के कुछ दस्तावेज भी टीम ने कब्जे में लिए हैं। ईडी की चौथी टीम ने आवास विकास स्थित सामाजिक संस्था रोटरी क्लब के पदाधिकारी डब्बू मित्तल के घर पर छापेमारी की। जहां डब्बू मित्तल ने ईडी की टीम का विरोध कर अधिकारियों के साथ अभद्रता की। ईडी की पांचवीं टीम ने व्यापारी नेता नीरज जिंदल निवासी रामा एंक्लेव के घर पर छापेमारी की। यहां भी टीम नीरज जिंदल और उसके स्वजन से पूछताछ में जुटी है।