Rajasthan Election Ashok Gehlot: राजस्थान विधानसभा चुनाव में मतदान हो चुका है और आगामी तीन दिसंबर रविवार को चुनावी नतीजे आ जाएंगे। तीन दिन बाद प्रदेश में सरकार की तस्वीर हो जाएगी। एक बार फिर कांग्रेस वापसी करेगी या बीजेपी सत्ता कब्जाने में कामयाब रहेगी। इस बीच सीएम अशोक गहलोत ने बड़ा बयान दिया और सरकार वापसी का दावा किया।
बीजेपी ने खेला धर्म कार्ड- गहलोत
अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश की जनता ने एक बार फिर से कांग्रेस को आशीर्वाद दिया। बीजेपी ने जनता के बीच धर्म कार्ड खेला और धर्म की आड़ में डरावनी और तनाव भरी बातों का जिक्र किया। अगर बीजेपी का धर्म कार्ड चल गया तो अलग बात है। अगर धर्म का कार्ड नहीं चला तो हम सरकार बनाएंगे। गहलोत ने कहा, एग्जिट पोल और सर्वे पर न जाएं। फिर से राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
read also: New Delhi: 51 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, पीएम मोदी ने सौंपे नियुक्ति पत्र
बीजेपी को निशाने पर लेते हुए गहलोत ने कहा कि बीजेपी ने जनता के बीच बदले की भावना वाली बातें की है। पीएम मोदी, अमित शाह और योगी आदित्यनाथ ने धर्म के नाम पर एकीकरण और ध्रुवीकरण करने की कोशिश की है। राजस्थान में कांग्रेस एक बार फिर से सरकार बनाने जा रही है और पांच राज्यों में से बीजेपी की एक भी राज्य में सरकार नहीं बनेगी।
जीत के बताए बड़े कारण
गहलोत ने आगे कहा कि जनता हमारी सरकार दोहराएगी और इसके कई बड़े कारण है। पहला कारण यह है कि सरकार के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं है, ऐसा विशेषज्ञ भी कह रहे हैं। दूसरे हैं सीएम। बीजेपी के वोटर भी यही कहेंगे कि सीएम ने विकास कार्य करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
तीसरा कारण है प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, बीजेपी के नेताओं द्वारा बोली जाने वाली भाषा। वह भाषा किसी को पसंद नहीं आई। गौरतलब है कि 200 सीटों वाले राजस्थान में 25 नवंबर को वोटिंग हुई थी हालांकि कांग्रेस के एक उम्मीदवार का निधन हो गया जिसकी वजह से 199 सीटों पर ही वोटिंग हुई थी।