Delhi Trade Fair: व्यंजनों का स्वाद अक्सर मसाले बढ़ाते हैं और उसमें घर के मां के हाथ के खाने की बात तो फिर अलग ही होती है। इस समय विश्व व्यापार मेले में मिट्टी के बने ऐसे बर्तनों की धूम है, जो खाने का स्वाद बढ़ाने का दमखम रखते हैं। मेले में आए लाखों लोगों को इन मिट्टी के बर्तनों ने अपनी ओर आकर्षित किया है। यह बर्तन हरियाणा की मिट्टी के बने हुए हैं।
मिट्टी के बर्तनों ने मचाई धूम
हरियाणा के पवेलियन में फरीदाबाद के पवन प्रजापति के स्टाल पर मिट्टी से आकार लिए कुकर, दाल की हांडी, साग हांडी, कुल्हड़, कटोरी, तवा, गिलास समेत अन्य उत्पाद क्रंकीट के शहर निवासियों को खास लुभा रहे हैं। वहां से गुजरते लोगों की नजर ठहर जा रही है। फिर शुरू हो रहा है मोल-तोल और खरीदारी का दौर। इसमें भी मिट्टी का कुकर खरीदारों को खूब पसंद आ रहा है।
पोखरे की मिट्टी से बनाएं गए बर्तन
बता दें कि, दो से लेकर पांच लीटर तक के कुकर की कीमत 800 से 1,200 रुपए तक है। पवन प्रजापति ने बताया कि कुकर विशेष पोखरे की मिट्टी से बनाया जाता है, जो मजबूत रहता है। इसलिए यह सीटी लगाने पर भी फटता नहीं है। वह दावा करते हैं कि अगर इसे संभालकर रखा जाए तो यह सालों चल सकता है।
पवन प्रजापति ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है, लेकिन पीढ़ियों के इस हुनर को छोड़ा नहीं और स्वरोजगार पर जोर दिया। वह बताते हैं कि उनके भाई देवीराम प्रजापति ने फाइन आर्ट में मास्टर किया है। उनकी कला से उनके परंपरागत हुनर में आधुनिकता आई है। आने वाली पीढ़ी भी इसी पेशे में आने को लेकर उत्सुक है।