संतोष कुमार सिंह
Delhi AAP Meeting: सोमवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) की कैबिनेट बैठक हुई। बैठक के बाद आम आदमी पार्टी के विधायकों ने एक सुर में कहा कि अगर ईडी सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लेती है तो केजरीवाल जेल से ही सरकार चलाएंगे। इस दौरान आप विधायकों ने अरविंद केजरीवाल से सीएम बने रहने का निवेदन किया चाहे वह गिरफ्तार क्यों ना हो जाए।
कोर्ट का खटखटाएंगे दरवाजा- आतिशी
आप सरकार में मंत्री आतिशी मार्लेना ने कहा कि अगर दिल्ली के मुख्यमंत्री को ईडी ने गिरफ्तार किया तो हम जेल से काम करने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। आतिशी ने कहा, कोर्ट से हम परमिशन लेंगे कि कैबिनेट की मीटिंग जेल के अंदर हो सके। जरूरत होगी तो सारे अफसर वहां पर जाएंगे। हम वहां पर कैबिनेट मीटिंग की फाइल ले जाने की कोर्ट से परमिशन लेंगे।
AAP के तीन नेता जेल में बंद
जानकारी के लिए बता दें कि, इस समय आप के तीन नेता जेल में बंद हैं। दिल्ली शराब नीति घोटाले में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन, पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और आप राज्यसभा सांसद संजय सिंह जेल में बंद है। अब मनी लॉन्ड्रिंग केस में ईडी ने सीएम अरविंद केजरीवाल को समन जारी किया है।
केन्द्र के दबाव में ईडी- सौरभ भारद्वाज
ईडी के समन को अरविंद केजरीवाल ने राजनीतिक रूप से प्रेरित करार देते हुए ईडी के सामने 02 नवंबर को पेश नहीं हुए थे। अब आप विधायकों की बैठक के बाद सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सभी विधायकों ने कहा कि अगर केजरीवाल गिरफ्तार होते हैं तो भी वह मुख्यमंत्री बने रहेंगे, क्योंकि दिल्ली की जनता ने सरकार चलाने का जनादेश दिया है। अब ऐसा लग रहा है कि धीरे-धीरे पूरी पार्टी के नेताओं को गिरफ्तार किया जाएगा। ईडी केन्द्र सरकार के दबाव में आकर हमारी पार्टी के नेताओं को निशाना बना रही है।