Ind vs SL: शमी और सिराज के तूफान में उड़ गई लंका, 55 रनों पर ढेर श्रीलंकाई शेर…भारत की सेमीफाइनल में एंट्री

Ind vs SL: क्रिकेट को यूंही अनिश्चितताओं का खेल कहा जाता इसकी एक बानगी गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में देखने को मिली है। जहां पर 358 रनों के विशाल लक्ष्य को पाने के लिए मैदान में उतरी श्रीलंका की टीम महज 19.5 ओवर में 55 रनों पर ढेर हो गई। 302 रनों की मिली हार के बाद श्रीलंका सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई और भारत की सेमीफाइनल में एंट्री हो गई।

श्रीलंका की ओर से सबसे ज्यादा रन कसुन रजिथा 14 ने बनाए। इसके अलावा एंजेलो मैथ्यूज ने 12 और महीश तीक्ष्णा ने भी 12 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा श्रीलंका के 5 बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हो गए। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने 5 और मोहम्मद सिराज ने 3 विकेट झटके। इसके अलावा बुमराह और जड़ेजा को एक-एक विकेट मिला।

बता दें कि, टॉस हारकर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 357 रनों का बड़ा टारगेट बनाया। टीम के लिए शुभमन गिल ने सबसे ज्यादा 92 रनों की पारी खेली। जबकि विराट कोहली ने 88 रन और श्रेयस अय्यर ने 82 रनों का योगदान दिया। श्रीलंकाई तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका ने 5 खिलाड़ियों आउट किया।

भारतीय क्रिकेट टीम वनडे विश्वकप 2023 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम अब तक अपने सभी 7 मैच जीतकर पॉइंट्स टेबल में टॉप पर काबिज है। भारत को अपना अगला मुकाबला 5 नवंबर रविवार को दक्षिण अफ्रीका के साथ खेलना है। इसके बाद अपना आखिरी लीग मैच 12 नवंबर को नीदरलैंड के साथ खेलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *