संतोष कुमार सिंह
Delhi Air Pollution: अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में तेजी से तापमान गिर रहा है और धीरे-धीरे सर्दी दस्तक दे रही है। इसी के साथ राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है। प्रदूषण ‘बहुत खराब’ श्रेणी में पहुंच गया है। इसके अलावा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के शहरों में वायु प्रदूषण चिंताजनक स्थिति में बना हुआ है।
दिल्ली के लिए केंद्र की वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के अनुसार, राजधानी में हवा की गुणवत्ता कुछ और दिनों तक ‘बहुत खराब’ रहने की उम्मीद है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत एक्यूआई शाम 4 बजे 347 दर्ज किया गया, जो रविवार को 325, शनिवार को 304 और शुक्रवार को 261 (खराब) से ज्यादा खराब स्थिति में पहुंच गया है।
क्या होता है AQI
वायु गुणवत्ता सूचकांक (Air Quality Index) एक नंबर होता है जिसके जरिए हवा की गुणवत्ता को आंका जाता है। इससे वायु में मौजूद प्रदूषण के स्तर का भी पता लगाया जाता है। एक्यूआई की रीडिंग के आधार पर हवा की गुणवत्ता को छह कैटेगरी में बांटा गया है। शून्य से 50 के बीच AQI अच्छा, 51 और 100 संतोषजनक, 101 और 200 मध्यम, 201 और 300 खराब, 301 और 400 बहुत खराब, और 401 और 500 के बीच AQI को गंभीर माना जाता है।
डीजल वाली बसों पर प्रतिबंध की मांग
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बताया कि पंजाब में पराली जलाने की घटनाएं कम हुई हैं, लेकिन वाहनों से निकलने वाले धुएं ने प्रदूषण को बढ़ाया है। उन्होंने केंद्र सरकार से हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) क्षेत्रों में खराब गुणवत्ता वाले डीजल से चलने वाली बसों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।