Delhi Liquor Scam: कम नहीं हुई संजय सिंह की मुश्किलें, 10 नवंबर तक बढ़ी न्यायिक हिरासत

Delhi Liquor Scam: दिल्ली के शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की मुश्किलें कम नहीं हुई है। कोर्ट ने सुनवाई के बाद संजय सिंह की न्यायिक हिरासत को 10 नवंबर तक बढ़ा दिया। 14 दिन की न्यायिक हिरासत के बाद आज संजय सिंह को कोर्ट में पेश किया गया था। लेकिन कोर्ट ने उनकी हिरासत अवधि को और बढ़ा दिया।

बीजेपी पर लगाया साजिश का आरोप

शराब घोटाले में सांसद को 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद सांसद ने कहा था कि उन्हें बीजेपी और केन्द्र सरकार साजिश के तहत फंसा रही है। केन्द्र सरकार जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर रही है और आम आदमी पार्टी को खत्म करने की साजिश रची जा रही है।

उत्पाद शुल्क नीति में हुई गड़बड़- ईडी

मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का आरोप है कि दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति में संशोधन करते समय अनियमितताएं की गईं। इस मामले में लाइसेंस धारकों को लाभ दिया गया। लाइसेंस शुल्क माफ या कम किया गया। इससे सरकारी खजाने को 144.36 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। प्रवर्तन निदेशालय की चार्जशीट में संजय सिंह पर 82 लाख रुपए का चंदा लेने का आरोप है।

‘आप’ के लिए जुटाया गया फंड- ईडी

2 मई को जारी जांच एजेंसियों की दूसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में AAP सांसद राघव चड्ढा के साथ उनका नाम भी सामने आया था। यह अलग बात है कि उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया था। सरकारी गवाह बने दिनेश अरोड़ा के बयान के आधार पर ईडी ने कोर्ट को बताया था कि दिल्ली शराब घोटाला मामले में संजय सिंह भी शामिल हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी के लिए फंड जुटाने का कार्यक्रम आयोजित किया था।

ईडी के मुताबिक, आरोपी दिनेश अरोड़ा ने संजय सिंह के कहने पर पार्टी के लिए 32 लाख रुपए का चंदा इकट्ठा किया था, जिसका चेक मनीष सिसोदिया को दिया गया था। दिनेश अरोड़ा का शराब संबंधी विवाद भी संजय सिंह ने मनीष सिसोदिया के जरिए सुलझाया था। संजय सिंह के जरिए ही दिनेश अरोड़ा की मुलाकात अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया से हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *