Rajasthan Chunav 2023: राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने ईडी को लेकर विवादित बयान दिया है। गहलोत का कहना है कि इस समय देश में कुत्तों से ज्यादा ईडी घूम रही है। राजस्थान सरकार को टारगेट किया जा रहा है। किसी प्रदेश के चुने हुए सीएम का इस तरह बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण हैं। सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग हमारे देश की सर्वोच्च जांच एजेसियां है और इनकी अपनी विश्वसनीयता है लेकिन जांच एजेंसियों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है।
डोटासरा के आवास पर हुई थी छापेमारी
गौरतलब है कि गुरुवार को राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आवास पर ईडी की छापेमारी हुई थी। साथ ही अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत को ईडी ने समन जारी किया था। इस पर पलटवार करते हुए अशोक गहलोत ने कहा कि देश में क्या हो रहा है। देश में लोकतंत्र खतरे में हैं। ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई केन्द्र सरकार के इशारे पर काम कर रही है। जांच एजेंसियों के निशाने पर केवल विपक्ष के नेता रहते हैं।
बीजेपी में बौखलाहट- गहलोत
कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार की नीतियों और उपलब्धियों को गिनाने का काम किया था। जबाव में ईडी की छापेमारी हुई। गोविंद सिंह डोटासरा को डराने और चुप कराने के लिए यह छापेमारी करवाई गई है। इससे पहले सीएम गहलोत ने गुरुवार को ईडी को लेकर कहा था कि केन्द्र सरकार टिड्डी दल की तरह ईडी का प्रयोग कर रही है। सियासी लाभ की मंशा से जांच एजेंसियों का प्रयोग किया जा रहा है। राजस्थान में बीजेपी की बौखलाहट इसी से पता चलती है।