PM Modi on Al Ahli Attack: ग़ाज़ा के अल अहली अस्पताल पर हुए वीभत्स हमले में 500 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। इस नरसंहार के बाद भारत के पीएम नरेन्द्र मोदी ने प्रतिक्रिया दी है। पीएम ने एक्स पर ट्वीट करके शोक जताया और प्रतिक्रिया दी।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “ग़ाज़ा में अल अहली अस्पताल में बड़ी संख्या में लोगों की दुखद मौत पर गहरा सदमा लगा है। पीड़ितों के परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। घायलों के जल्द स्वस्थ्य होने की हम प्रार्थना करते हैं।
उन्होंने लिखा, “मौजूदा संघर्ष में नागरिकों के हताहत होने की घटना बहुत गंभीर और लगातार चिंता की बात है। जो इस घटना में शामिल हैं उन पर ज़िम्मेदारी तय होनी चाहिए। 12 दिन पहले इजरायल पर फ़िलिस्तीनी चरमपंथी संगठन हमास के हमले के बाद भी भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजरायली प्रधानमंत्री बिन्जामिन नेतन्याहू से कहा था कि, “इस मुश्किल घड़ी में भारत इजरायल के साथ खड़ा है।
साथ ही पीएम मोदी ने अचानक हुए हमास के हमले के बारे में कहा था कि “आतंकवादी हमले की ख़बर” से वो चिंतित हैं। भारत आतंकवाद के खिलाफ हमेशा लड़ा है। इस बार भी वह आतंकवाद के खिलाफ खड़ा होगा। विश्वभर में शांति का संदेश देगा।
ग़ाज़ा के स्वास्थ्य विभाग ने दावा किया कि अल अहली अस्पताल पर इजरायल की ओर से हुए हवाई हमले में क़रीब 500 लोगों की मौत हो गई। इस बीच जॉर्डन ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, फ़िलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास और मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फ़तेह अल सिसी के साथ होने वाली समिट को रद्द कर दिया गया है।
फ़िलिस्तीनी प्राधिकरण के राष्ट्रपति महमूद अब्बास ने अल अहली अस्पताल पर हुए हमले को ‘भयावह युद्ध नरसंहार’ बताया और कहा है कि इजराइल ने सारी हदें पार कर दी हैं। हमास की ओर से यह हमला नहीं किया गया है। इजराइल की ओर से दावा किया गया कि यह हमला हमास की ओर से किया गया है।