Haryana: हरियाणा सरकार ने किसानों को खेतों में पराली नहीं जलाने पर आर्थिक लाभ देने का ऐलान किया है। हरियाणा सरकार का कहना है कि खेतों में पराली नहीं जलाने पर किसानों को एक हजार रुपए प्रति एकड़ दिया जाएगा। इसके लिए कृषि यंत्र साथी एप को लॉन्च किया है। इस एप पर किसान अपना पंजीकरण कराकर लाभ उठा सकते हैं। इसको लेकर उपमंडल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
एप पर कराए पंजीकरण
नारनौंद के एसडीएम विकास यादव ने बताया कि किसान अपनी पराली को आग के हवाले न करें। किसान कृषि यंत्र साथी एप पर 1 से 3 अक्टूबर तक रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। इससे उनको फसल बेचने में भी कोई परेशानी नहीं होगी। साथ ही एक हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से आर्थिक लाभ मिलेगा।
फसलों का रखा जाएगा रिकॉर्ड
इस एप में रजिस्ट्रेशन करने के बाद किसान अपनी पराली की गांठें बना सकता है या उसे खेत के अंदर खाद के रूप में इस्तेमाल कर सकता है। जो किसान अपने खेतों में मशीनों के जरिए पराली के अवशेषों को मिट्टी में मिलाएंगे, वे उनका प्रबंधन करते समय जीपीएस लोकेशन के साथ तस्वीरों का रिकॉर्ड भी रखेंगे।
उन्होंने कहा कि पोर्टल पर पंजीकृत किसानों द्वारा किए गए पराली प्रबंधन कार्य का सत्यापन ग्राम स्तरीय समिति द्वारा किया जायेगा। इसके बाद समिति की मंजूरी के बाद किसानों को लाभ दिया जाएगा। इसके लिए किसानों को सरकार की ओर से प्रति एकड़ एक हजार रुपए का अनुदान मिलेगा।