शुभम रावत
नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा एक दिवसीय मैच में खेला जा रहा है। इंदौर के होल्कर स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, जिसके बाद भारतीय बल्लेबाज जमकर बरसे। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर ने शानदार शतक जड़ा। वहीं कप्तान केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने अर्धशतकीय पारी खेली। जिसके दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया टीम को 50 ओवर में 5 विकेट खोकर 400 रनों का विशाल लक्ष्य दिया है।
टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले मैच में शानदार जीत के बाद दूसरे मैच में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर रही है। सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने अपने वनडे करियर का पांचवा शतक जड़ा। उन्होंने 97 गेंद पर 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 104 रनों की बेहतरीन पारी खेली। शुभमन के अलावा श्रेयस अय्यर ने 105 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी शतकीय पारी के दौरान अय्यर ने 11 चौके और 3 छक्के जड़े।
इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कप्तान केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव ने हाफ सेंचुरी लगाई। सूर्यकुमार ने 37 गेंदों में ताबड़तोड़ 72 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 6 चौके और 6 छक्के जड़े। वहीं केएल राहुल ने 38 गेंदों में 52 रनों की पारी खेली।
गिल ने बनाया शानदार रिकॉर्ड
इस मैच में शुभमन गिल ने शतक के साथ ही एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम किया। वो वनडे की 35 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। शुभमन गिल वनडे की 35 पारियों में 1900 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।
वनडे की 35 पारियों में सबसे ज्यादा रन
शुभमन गिल- 1917 रन
हाशिम अमला- 1844 रन
बाबर आजम- 1758 रन
रासी वान डर डुसेन- 1679 रन
फखर जमान- 1642 रन