शुभम रावत
नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज 22 सितंबर से शुरू हो रही है। तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंख्ला का पहला मुकाबला शुक्रवार यानि कल मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार दोपहर 1:30 होगी।
एशिया कप 2023 में शानदार जीत के बाद टीम इंडिया 5 अक्टूबर से वनडे वर्ल्ड के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर चुकी है। भारत के लिहाज से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज काफी अहम है। क्योंकि इस बार विश्व कप भारत की धरती पर खेला जाना है। जिसमें टीम इंडिया को अपनी सरजमीं पर प्रैक्टिस करने का मौका मिलेगा। वहीं कंगारू टीम के लिए भी भारत की परिस्थितियों को समझने का अवसर होगा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए शुरुआती 2 मैचों में केएल राहुल को टीम की कमान सौंपी गई है। वहीं वर्ल्ड कप से ठीक पहले रविचंद्रन अश्विन की वनडे टीम में वापसी हुई है। जबकि टीम के नियमित कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली, हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव को पहले 2 मैचों के लिए आराम दिया गया है। इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया टीम की कप्तानी पैट कमिंस के हाथों में है।
ऑस्ट्रेलिया भारत हेड टू हेड
ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच अभी तक 146 वनडे मैच खेले गए हैं, जिसमें से 82 में ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की है जबकि 54 में भारत को विजय प्राप्त हुई है। वहीं भारत में खेले गए दोनों टीमों के बीच 67 वनडे मैचों में ऑस्ट्रेलिया ने 32 जबकि भारत ने 30 में जीत हासिल की है।
भारतीय टीम की संभावित प्लेइंग 11-
ऋतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, ईशान किशन, केएल राहुल (कप्तान), श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह।
ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग 11-डेविड वार्नर, मिशेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, पैट कमिंस, जोश हेज़लवुड/मिशेल स्टार्क, एडम ज़म्पा और तनवीर सांघा।