भारत और कनाडा के बीच राजनयिक विवाद गहराता जा रहा है।भारत ने कनाडा के आरोपों पर पलटवार किया है। विदेश मंत्रालय का कहना है कि कनाडा आतंकियों का पनाहगार है। राजनीति से प्रेरित होकर भारत पर आरोप लगा रहा है। खालिस्तानी समर्थक आतंकी हरदीप सिंह निज्जर से संबंधित कोई भी जानकारी हमारे साथ साझा नहीं की गई।
गुरुवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कनाडा को लेकर लंबी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हां, हमने कनाडा सरकार को बताया कि हमारी पारस्परिक राजनयिक उपस्थिति में समानता होनी चाहिए। उनकी संख्या कनाडा में हमारी संख्या से कहीं ज्यादा अधिक है…मेरा मानना है कि कनाडा की ओर से कमी की जाएगी।
अरिंदम बागची ने आगे कहा कि, मुझे लगता है कि यहां कुछ हद तक पूर्वाग्रह है। कनाडा सरकार द्वारा लगाए गए आरोप मुख्य रूप से राजनीति से प्रेरित हैं। इस बीच वीजा सेवाओं की मौजूदा स्थिति के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आप कनाडा में हमारे उच्चायोग और दूतावासों पर हो रहे सुरक्षा खतरों से अवगत हैं।
इसकी वजह से उनका सामान्य कामकाज बाधित हुआ है। ऐसे में हमारे उच्चायोग और वाणिज्य दूतावास अस्थायी रूप से वीजा सेवाओं पर काम करने में असमर्थ हैं। हम नियमित आधार पर स्थिति की समीक्षा करेंगे। इसके बाद आगे का फैसला लेंगे।
इसके अलावा विदेश मंत्रालय ने कनाडा पर आतंकियों को पनाह देने का आरोप लगाया। अरिंदम बागची ने कहा कि कनाडा आतंकी गतिविधियों का केंद्र बन रहा है और वह आतंकियों, चरमपंथियों के लिए पनाहगार बना है। मुझे लगता है कि कनाडा को अपनी अंतरराष्ट्रीय छवि के बारे में चिंता करने की जरूरत है।