घरेलू रसोई गैस सिलेंडर 200 रुपये सस्ता, उज्ज्वला लाभार्थियों को 400 रुपये की छूट

नई दिल्लीः महंगाई की मार झेल रहे आम आदमी को राहत देते हुए केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में 200 रुपये की सब्सिडी देने का फैसला किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंगलवार को केंद्रीय कैबिनेट की हुई बैठक में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर पर 200 रुपये की सब्सिडी देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को 200 रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी देने का फैसला किया है। यानी उन्हें एक गैस सिलेंडर पर 400 रुपये की छूट मिलेगी।

मीडिया से मुखातिब केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि गैस सिलेंडर सस्ता हुआ फिर एक बार, राखी और ओणम पर देश की करोड़ों बहनों को पीएम ने दिया उपहार। केंद्रीय मंत्री ने केंद्रीय कैबिनेट के फैसले के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उज्ज्वला योजना के तहत लोगों को गैस सिलेंडर पर अलग से 200 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। यानी कि सरकार की तरफ से उन्हें कुल 400 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। वहीं, 200 रुपये की सब्सिडी सभी उपभोक्ताओं को दी जाएगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इसके अलावा 75 लाख महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन भी दिया जाएगा और उन्हें पाइप और चूल्हा भी मुफ्त में दिए जाएंगे।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि चंद्रयान मिशन 3 की सफलता ने दुनिया भर में हमारा रुतबा बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा कि भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला पहला देश है। कैबिनेट की बैठक में चंद्रयान 3 से जुड़े हर व्यक्ति की सराहना की गई। यह सफलता भारत की प्रगति का प्रतीक है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब 23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे के रूप में मनाया जाएगा। कैबिनेट ने इस पर अपनी मुहर लगा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *