शुभम रावत-
नई दिल्ली:आगामी वनडे वर्ल्ड कप को लेकर भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा है कि इस टूर्नामेंट में बल्लेबाजों के पास बेहतरीन खेल दिखाने का मौका होगा।
सहवाग की रोहित शर्मा पर भविष्यवाणी
इस साल भारत की सरजमीं पर विश्व कप का आयोजन होना है। आईसीसी ने इसके लिए पहले ही शेड्यूल जारी कर दिया है। 5 अक्टूबर से महामुकाबले की शुरूआत होगी। पहला मैच न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। जबकि फाइनल मुकाबला19 नवंबर को खेला जाएगा।टूर्नामेंट के आगाज से पहले वीरेंद्र सहवाग ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को लेकरबड़ी भविष्यवाणी की है।
रोहित शर्मा बनाएंगे सबसे ज्यादा रन
वर्ल्ड कप 2023 शुरू होने में 50 दिन से भी कम समय बाकी है। इससे पहले टीम इंडिया के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने कहाकि भारत में बल्लेबाजी के अनुकूल परिस्थितियों के कारण ओपनर बल्लेबाजों के पास अगले एकदिवसीय वर्ल्ड कप के दौरान चमकने का मौका होगा। उन्होंने कहा किभारत के पास अच्छे विकेट हैं, इसलिए मुझे लगता है कि ओपनर बल्लेबाजों के पास अच्छा मौका होगा। सहवाग ने कहा कि अगर मुझे किसी एक को चुनना हो, तो मैं रोहित शर्मा का नाम लूंगा। कुछ और नाम हैं, लेकिन मैं भारतीय हूं और मुझे एक भारतीय को चुनना चाहिए। इसलिए रोहित शर्मा।
वर्ल्ड कप में बढ़ जाता है ऊर्जा का स्तर
सहवाग ने कहा कि वर्ल्ड कप में अक्सर उनका (रोहित शर्मा) सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन सामने आया। जब वर्ल्ड कप आता है, तो उनकी ऊर्जा का स्तर, उनका प्रदर्शन ऊपर होता है। इसलिए मुझे यकीन है वह अच्छा करेंगे। इस बार वह कप्तान भी हैं। मुझे यकीन है कि वह बदलाव लाएंगे और खूब रन बनाएंगे।बता दें रोहित शर्मा 2019 में भी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। उन्होंने 9 मैच में 648 रन बनाए थे।