चंडीगढ़:यमुना में आई बाढ़ के कारण दिल्ली एनसीआर में आई फ्लू की बीमारी बड़े पैमाने पर देखने को मिली। अब हरियाणा में डेंगू पाव पसारना शुरु कर दिया है। अब तक प्रदेश में कुल 27,706 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं,जिनमें से 772 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। बता दे कि राज्य के चार जिले, गुरुग्राम, रोहतक, रेवाड़ी और यमुनानगर में ज्यादा मरीजों की संख्या दर्ज की गई है।
प्रदेश में लगातार बढ़ रहे डेंगू के मामले को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने हालातों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने सभी जिलों में डेंगू को लेकर डेली मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शहरों के साथ-साथ गांवों के लिए भी एक-एक फॉगिंग मशीन लेने के लिए कहा है।
इसके अलावा सरकार ने डेंगू की रोकथाम के लिए एक और पहल की है। दरअसल, अब जिन घरों या सरकारी ऑफिसों में डेंगू मच्छर का लारवा पाया जाता है, उन्हें नोटिस और चालान भी जारी किए जाएंगे। ऐसे में अब तक 65711 नोटिस ऐसे लोगों को जारी किए जा चुके हैं। जल्द ही चालान की कार्रवाई भी विभाग के द्वारा शुरू की जाएगी।
डेंगू के साथ सामने आ रहे इन बीमारियों के मामले
खबर है कि राज्य में सिर्फ डेंगू ही नहीं, बल्कि इसके साथ ही चिकनगुनिया और मलेरिया के मामले भी सामने आ रहे हैं। जानकारी के मुताबकि, अब तक चिकनगुनिया के 43 मामले सामने आए हैं, जबकि मलेरिया के 35 मरीज मिले हैं।