चंडीगढ़: हरियाणा के मशहूर गायक राजू पंजाबी का 40 साल की उम्र में मंगलवार को यानी आज निधन हो गया। स्थानीय भाषा में अपने गानों से लोगों के दिलों पर राज करने वाले राजू पंजाबी का हिसार के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। गायक की मौत से इंडस्ट्री में मातम का माहौल है। वहीं प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उनकी मौत पर दुख जताया और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
राजू पंजाबी को श्रद्धांजलि देते हुए सीएम मनोहर लाल ने लिखा कि, प्रसिद्ध हरियाणवी गायक एवं संगीत निर्माता राजू पंजाबी जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका जाना हरियाणा म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा उनके परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
प्रसिद्ध हरियाणवी गायक एवं संगीत निर्माता राजू पंजाबी जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका जाना हरियाणा म्यूजिक इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है।ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा उनके परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।ॐ शांति! Manohar Lal (@mlkhattar) August 22, 2023
जानकारी के मुताबकि, राजू को लगभग 10 दिन पहले एक अज्ञात बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका स्वास्थ्य इस हद तक बिगड़ गया कि उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट की आवश्यकता पड़ गई थी। वहीं कुछ दिन बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार के लक्षण दिखे और उन्हें कुछ समय के लिए घर भेज दिया गया, लेकिन अचानक फिर उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें फिर से अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मृत्यू हो गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गायक के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव रावतसर खेड़ा ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। वह फिलहाल हिसार के आजादनगर में रह रहे थे। वहीं उनके निधन की घोषणा के बाद उनके परिजन और समर्थक हिसार पहुंचना शुरू हो गए हैं।बता दें कि राजू पंजाबी पंजाब और राजस्थान में भी लोकप्रिय थे और सपना चौधरी जैसे अन्य कलाकारों के साथ सहयोग करते थे।
राजू पंजाबी को आछा लागे से, देसी देसी, तू चीज लाजवाब, लास्ट पेग और भांग मेरे यारा ने जैसे कई अन्य गानों के लिए जाना जाता है। हाल ही में राजू ने अपना आखिरी गाना आपसे मिलके यारा हमको अच्छा लगा था रिलीज किया था। उनका आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट भी उनके गाने को लेकर ही है। राजू ने 20 अगस्त को एक वीडियो कोलाज शेयर किया था और लिखा था, आपसे मिलके यारा हमको अच्छा लगा।